अमेरिका से व्यापार समझौते के खिलाफ कांग्रेस करेगी किसान सम्मेलन

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका से व्यापार समझौते के खिलाफ कांग्रेस करेगी किसान सम्मेलन


अमेरिका से व्यापार समझौते के खिलाफ कांग्रेस करेगी किसान सम्मेलन


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार की शाम नई दिल्ली में छह राज्यों के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और विधायक दल नेताओं के साथ बैठक की। इसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के नेता शामिल हुए। बैठक में अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर चर्चा हुई, जिसे कांग्रेस ने किसानों के हितों के खिलाफ बताया।

बैठक के बाद खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि इस व्यापार समझौते में मोदी सरकार ने किसानों के हक से समझौता किया है। इसका सीधा असर कपास, सोयाबीन, मक्का और फल-मेवा उत्पादकों पर पड़ेगा। कांग्रेस किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए किसान सम्मेलन आयोजित करेगी और इस मुद्दे को गांव-गांव तक ले जाएगी।

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि यह समझौता देश के लिए सही नहीं है। पहले चरण में इन छह राज्यों के किसानों पर इसका असर दिखेगा। रमेश ने कहा कि 24 फरवरी को भोपाल में पहला किसान सम्मेलन होगा, जिसमें खरगे और राहुल गांधी दोनों शामिल होंगे। इसके बाद 7 मार्च को यवतमाल (महाराष्ट्र) और मार्च में ही श्रीगंगानगर (राजस्थान) में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

रमेश ने कहा कि संसद का सत्र 9 मार्च से शुरू होने से पहले भोपाल और यवतमाल में सम्मेलन होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यापार समझौते से लाखों किसानों की आजीविका पर खतरा मंडरा रहा है। जिस तरह तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने आंदोलन किया था, उसी तरह कांग्रेस भी किसान संगठनों के साथ मिलकर इस समझौते का विरोध करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story