पेट्रोल-डीजल और सीएनजी कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ दिल्ली में बुधवार को प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ बुधवार को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय माकन के नेतृत्व में यह प्रदर्शन कोटला मुबारकपुर क्षेत्र के पिलिंजी गांव में आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस ने अपने अभियान को ‘कमर तोड़ महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल’ नाम दिया है। पार्टी की ओर से बताया गया कि लगातार बढ़ती ईंधन और रसोई गैस की कीमतों ने आम लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई के कारण मध्यम वर्ग, श्रमिक, ऑटो चालक, टैक्सी चालक और निम्न आय वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
पार्टी के अनुसार यह प्रदर्शन बुधवार, 20 मई को शाम 6:30 बजे कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित पिलिंजी गांव, कोटला मुबारकपुर में आयोजित होगा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के भी शामिल होने की संभावना जताई गई है।
उल्लेखनीय है कि 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर तीन रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। इसके बाद सीएनजी की कीमतों में भी लगातार दो चरणों में कुल तीन रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई। पहले 15 मई को दो रुपये प्रति किलोग्राम और फिर 18-19 मई के बीच एक रुपये प्रति किलोग्राम की अतिरिक्त बढ़ोतरी की गई। इसके बाद दिल्ली में सीएनजी का दाम 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया, जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में यह 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

