तृणमूल और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू, बंगाल को चाहिए नया विकल्प: जयराम रमेश

WhatsApp Channel Join Now
तृणमूल और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू, बंगाल को चाहिए नया विकल्प: जयराम रमेश


कोलकाता, 07 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और पश्चिम बंगाल की जनता को अब एक नए विकल्प की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 20 साल बाद राज्य में अपने दम पर चुनाव लड़कर जनता के सामने “तीसरा रास्ता” पेश कर रही है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करने के दौरान आयोजित संवाददाता सम्मेलन में रमेश ने भाजपा पर रवीन्द्रनाथ टैगोर का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा राष्ट्रीय गान जन गण मन को भी खत्म करना चाहती है।

रमेश ने कहा कि लगभग 20 वर्ष बाद कांग्रेस ने राज्य में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है, जो एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम है। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में विकास, लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है।

अपने बयान के दौरान उन्होंने 1962 की प्रसिद्ध फिल्म बीस साल बाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह फिल्म का नाम समय के अंतर को दर्शाता है, उसी तरह कांग्रेस भी दो दशक बाद बंगाल में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है।

कांग्रेस नेता ने विश्वास जताया कि राज्य की जनता इस बार बदलाव के लिए मतदान करेगी और कांग्रेस को एक मजबूत विकल्प के रूप में देखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story