कांग्रेस ने भारतीयों की सुरक्षा और निकासी के लिए सरकार से की अपील
नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने मध्य पूर्व में ईरान को लेकर बढ़ते सैन्य तनाव पर चिंता जताई है। दोनों नेताओं ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए सरकार से तुरंत कदम उठाने की अपील की है।
खरगे ने एक्स पर कहा कि हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद मध्य पूर्व की स्थिति बिगड़ रही है और शांति एवं स्थिरता बनाए रखना बेहद जरूरी है। कांग्रेस भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है और सरकार से उनके संरक्षण के लिए हर संभव कदम उठाने की मांग करती है।
वेणुगोपाल ने कहा कि इज़रायल-अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई और बढ़ते तनाव ने भारतीय नागरिकों में आशंका पैदा कर दी है। उन्होंने केरल के नागरिकों का जिक्र करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में भारतीय इस क्षेत्र में रहते और काम करते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय को तुरंत कूटनीतिक और लॉजिस्टिक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जोखिम में रह रहे भारतीयों की सुरक्षित निकासी और जो लोग लौटना चाहते हैं उनके लिए सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

