कांग्रेस ने की ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या पर निंदा, आधिकारिक बयान जारी कर अंतरराष्ट्रीय विधि उल्लंघन बताया
नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस ने आधिकारिक बयान जारी कर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की लक्षित हत्या की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने कहा कि बिना औपचारिक युद्ध घोषणा के किया गया यह सैन्य प्रहार अंतरराष्ट्रीय विधि और संप्रभुता के सिद्धांतों के विरुद्ध है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस घटना की स्पष्ट शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने सर्वोच्च नेता के परिवार, ईरान की जनता तथा विश्व के शिया समुदाय के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस कठिन समय में कांग्रेस उनके साथ एकजुटता प्रकट करती है।
बयान में कहा गया है कि भारत की विदेश नीति संवाद के माध्यम से विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और अंतरराष्ट्रीय विधि के सम्मान पर आधारित है। संविधान के अनुच्छेद 51 में निहित सिद्धांत भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। सर्वभौमिक समानता, अहस्तक्षेप और शांति स्थापना भारत के मूल मूल्य हैं।
कांग्रेस ने कहा कि किसी संप्रभु राष्ट्र के नेतृत्व और शासन व्यवस्था को अस्थिर करने के लिए लक्षित बल प्रयोग अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत है। यह संयुक्त राष्ट्र घोषणा पत्र के अनुच्छेद 2(4) और 2(7) की भावना के विपरीत है, जो किसी भी राज्य की क्षेत्रीय अखंडता और राजनीतिक स्वतंत्रता के विरुद्ध बल प्रयोग तथा हस्तक्षेप पर रोक लगाते हैं।
खरगे के कहा कि प्रत्येक राष्ट्र के नागरिकों को अपना राजनीतिक भविष्य स्वयं निर्धारित करने का अविच्छेद्य अधिकार है। किसी बाहरी शक्ति को शासन परिवर्तन करने या नेतृत्व निर्धारित करने का अधिकार नहीं है। ऐसे कदम नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के अनुकूल नहीं हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

