पश्चिम एशिया संकट पर सरकार के रुख से देश को नुकसानः कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम एशिया संकट पर सरकार के रुख से देश को नुकसानः कांग्रेस


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस ने पश्चिम एशिया संकट पर सरकार के रुख को कमजोर और अस्थिर बताते हुए कहा कि इससे देश को नुकसान हो रहा है।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संसद में पश्चिम एशिया के मुद्दे पर अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन यदि सरकार की विदेश नीति मजबूत होती तो भारत को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी यह नहीं कहती कि भारत किसी एक पक्ष के साथ खड़ा हो, बल्कि सरकार को नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का पालन करते हुए स्पष्ट और संतुलित रुख अपनाना चाहिए।

खेड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार ने इस संकट में स्पष्ट रुख नहीं अपनाया। यदि नियम आधारित व्यवस्था का पालन किया जाता तो भारत खुलकर कह सकता था कि यह युद्ध गैरकानूनी है, लेकिन प्रधानमंत्री ने ऐसा करने का साहस नहीं दिखाया। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि सरकार 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर में 10 किलोग्राम ही गैस देने पर विचार कर रही है। यदि ऐसा है तो देश में बड़ा ही संकट है। सरकार को इसपर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री के इजरायल दौरे के कुछ समय बाद ही इजरायल और अमेरिका ने भारत के एक पुराने मित्र देश पर हमला किया, जबकि प्रधानमंत्री उन देशों के साथ नजदीकी दिखाते रहे।

इसके अलावा खेड़ा ने बांग्लादेश को तेल आपूर्ति के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार बांग्लादेश को तेल दे रही है, वहीं दूसरी ओर चुनावी राज्यों में बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने सरकार से इस पर स्पष्ट नीति बताने की मांग की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story