कांग्रेस और नेहरू परिवार ने जिंदगी भर किया बाबा साहब डॉ अंबेडकर का अपमानः विष्णुदत्त शर्मा
-राहुल गांधी महू पहुंचने से पहले बाबा साहब से किए गए अन्याय के लिए माफी मांगेः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
भोपाल, 11 जनवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और नेहरू परिवार ने जिंदगी भर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है। बाबा साहब की जन्मस्थली महू में कांग्रेस और राहुल गांधी ने कोई कार्य नहीं किया है। कांग्रेस पार्टी ने “जय बापू, जय भीम, जय संविधान“ रैली जनता को भ्रमित करने के लिए निकाल रही है। इस यात्रा में शामिल होने राहुल गांधी भी बाबा साहब की जन्मस्थली पुण्यभूमि महू आ रहे हैं। राहुल गांधी को महात्मा गांधी, बाबा साहब और संविधान से कांग्रेस व अपने द्वारा किए गए कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए, इसके बाद वे महू आएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा शनिवार को भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने आज दलित समाज को बेजुबान कहा है। आजादी की लड़ाई के समय से लेकर अब तक हमारे हजारों दलित व आदिवासी भाई-बहनों ने अपनी वीरता, शौर्य, पराक्रम दिखाकर देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान तक दिया है। ऐसे समाज के लिए कांग्रेस पार्टी ने बेजुबान जैसे शब्दों का उपयोग कर उनका घोर अपमान किया है। इसके लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी महात्मा गांधी ‘‘बापू‘‘ और बाबा साहब के विचारों को जमीन पर उतारने और जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा ने बाबा साहब के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 11 से 25 जनवरी तक संविधान गौरव अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और कार्यां को सम्मेलन, सभाएं व विशेष संपर्क कर जनता तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगने क्षमा यात्रा निकालनी चाहिए
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए बाबा साहब की पुण्य भूमि महू का चयन किया है। महू बाबा साहब की जन्मस्थली है। देश में 55 साल से अधिक समय तक राज करने वाली कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब की जन्मस्थली व उनसे जुड़े अन्य स्थलों के लिए कोई कार्य नहीं किया। मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकारों ने बाबा साहब की जन्मस्थली को स्मारक बनाकर तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बाबा साहब से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ बनाने का कार्य किया है। पंचतीर्थ में महू स्थित जन्म स्थली, लंदन में पढ़ाई के समय जहां रहते थे वह स्थान, दीक्षा भूमि, परिनिर्वाण स्थल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच हमेशा से डॉ. अंबेडकर विरोधी रही है। आज भी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी डॉ. अंबेडकर विरोधी विचारधारा पर कार्य कर रहे हैं। राहुल गांधी ने अध्यादेश फाड़कर संविधान की धज्जियां उड़ाई थीं। राहुल गांधी को बाबा साहब, बापू और संविधान के अपमान के लिए देश की जनता से माफी मांगने ‘‘क्षमा‘‘ यात्रा निकालनी चाहिए।
कांग्रेस ने न बाबा साहब को सम्मान दिया न ही संविधान को
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने न कभी बाबा साहब का और न ही संविधान का सम्मान किया। मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि बाबा साहब अंबेडकर ने जिस संविधान का निर्माण किया, देश को अच्छी दिशा दी, उन बाबा साहब को कानून मंत्री पद से इस्तीफा क्यों देना पड़ा। जब भी कोई व्यक्ति मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देता है, तो सदन में उसे बोलने का मौका दिया जाता है, लेकिन बाबा साहब अंबेडकर के इस्तीफे के बाद सदन में उन्हें बोलने तक नहीं दिया गया। अपने त्याग-पत्र में बाबा साहब अंबेडकर ने पंडित नेहरू के खिलाफ बहुत कुछ लिखा है। संविधान में हर व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अधिकार है। लेकिन संविधान बनाने वाले बाबा साहब को कांग्रेस ने इस अधिकार से वंचित किया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू जी पूरे समय दोस्तीकरण में मुस्लिम समाज की तुष्टिकरण में लगे रहे। यही कारण है कि कांग्रेस द्वारा बाबा साहब के त्याग-पत्र को जनसामान्य के बीच में नहीं लाया गया। कांग्रेस पार्टी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के त्याग-पत्र को जनता के सामने क्यों नहीं आने दिया?
बाबा साहब के खिलाफ नेहरू जी ने प्रचार किया, उनके नाम एक भी स्मारक नहीं बनने दिया
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब बाबा साहब के नाम पर पाखंड कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को चुनाव हराने का कार्य किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू बाबा साहब के खिलाफ चुनाव प्रचार करने गए। बाबा साहब के इस्तीफे के बाद पंडित नेहरू ने एक पत्र में लिखा था कि उनके इस्तीफे से कोई फर्क नहीं पड़ता। यह सब ऑन रिकॉर्ड है। देश को संविधान देने वाले महान सपूत बाबा साहब के नाम कांग्रेस ने एक भी स्मारक नहीं बनने दिया, उन्हें भारत रत्न भी नहीं दिया। जबकि कांग्रेस के नेताओं को भारत रत्न मिलता रहा। बाबा साहब के जन्मस्थान मध्य प्रदेश में उनकी एक स्मृति निर्माण का काम भाजपा के मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के कार्यकाल दौरान हुआ था, और स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने उसका उद्घाटन किया था। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने दिल्ली स्थित अंबेडकर सेंटर के लिए स्थान की स्वीकृति दी थी, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उसे बनने नहीं दिया। जब केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार आई, तो अंबेडकर सेंटर बनकर तैयार हुआ। कांग्रेस पार्टी ने देश भर में नेहरू, इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी के नाम पर सैकड़ों स्मारक, अस्पताल और सड़कों के नाम रख दिए गए, लेकिन बाबा साहब की जन्म स्थली तक के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को साकार कर रहे हैं। देश में 55 साल तक राज करने वाली कांग्रेस ने स्वच्छता को लेकर कोई कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी स्वच्छता को मिशन बनाकर कार्य कर रहे हैं और उनके कार्यों से देश की जनता में स्वच्छता के प्रति जनजागृति भी आई है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।