गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल कांग्रेस में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल कांग्रेस में शामिल


गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल कांग्रेस में शामिल


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जाने-माने पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ी थी। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने इस मौके पर चुनाव आयोग, अंकिता भंडारी हत्याकांड और उत्तराखंड सरकार में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं और राहुल गांधी लगातार मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर विपक्ष और जनता के साथ-साथ दो चुनाव आयुक्तों ने भी आपत्ति दर्ज कराई है।

शैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि मामले में कथित वीआईपी के नाम और ऑडियो सामने आने के बावजूद सभी पहलुओं की जांच नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित वीआईपी के तौर पर चर्चा में आए दुष्यंत गौतम से पूछताछ नहीं हुई। उन्होंने गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाए।

शैलजा ने उत्तराखंड सरकार में मंत्री रेखा आर्या के पति की ओर से लगाए गए कथित भ्रष्टाचार के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि आरोपों के बावजूद मंत्री को पद से क्यों नहीं हटाया गया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मामले में क्या कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर प्रदेश में आंदोलन करेगी। पार्टी ने 27 और 28 अक्टूबर को विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा घेराव का कार्यक्रम भी घोषित किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रामशरण नौटियाल का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने मंत्री रेखा आर्या के पति की ओर से उनकी कथित बेनामी संपत्ति और एक कंपनी में हिस्सेदारी को लेकर लगाए गए आरोपों का जिक्र किया। गोदियाल ने प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से पूछा कि इन आरोपों की जांच के लिए क्या कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763328 Articles

Share this story