शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई तक नहीं रुकेगा कांग्रेस का विरोधः वेणुगोपाल

WhatsApp Channel Join Now
शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई तक नहीं रुकेगा कांग्रेस का विरोधः वेणुगोपाल


शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई तक नहीं रुकेगा कांग्रेस का विरोधः वेणुगोपाल


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद शुद्धिकरण के मामले में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की कांग्रेस ने निंदा की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई तक कांग्रेस का विरोध नहीं रुकेगा।

वेणुगोपाल ने एक्स पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी ने पत्रकार वार्ता कर खरगे की सभा के बाद किए गए कथित शुद्धिकरण के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा चलाने की मांग की थी। इसके अगले दिन उत्तराखंड पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी। उन्होंने इसे ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसी स्थिति बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे भी गंभीर बात यह है कि भाजपा ने कथित तौर पर जातिवादी व्यवहार का बचाव किया है। इससे यह संदेश जाता है कि भाजपा सामाजिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने के लिए राज्य की पूरी ताकत का इस्तेमाल करने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार शाम देशभर में सड़कों पर उतरेंगे। इस दौरान भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी, जिन पर कांग्रेस ने खरगे के अपमान में शामिल होने का आरोप लगाया है। साथ ही संविधान में निहित सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story