नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही से बच रही सरकारः कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही से बच रही सरकारः कांग्रेस


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों के बाद केंद्र सरकार को घेरा। खेड़ा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उच्चतम न्यायालय को सरकार को यह बताना पड़ रहा है कि उसे वही करना चाहिए जो उसकी जिम्मेदारी है।

खेड़ा ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि सरकार जवाबदेही से बच रही है और सरकार निगरानी करने की बात कहकर स्थिति को मजाक बना रही है। लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है और कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शिक्षा मंत्री जवाबदेह हैं। अब जब कहा जा रहा है कि प्रश्नपत्र वायुसेना ले जाएगी तो अगर फिर लीक हुआ तो क्या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जिम्मेदार होंगे।

उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को नीट‑यूजी पेपर लीक मामले पर कहा कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, ऐसी घटनाएं रुकेंगी नहीं। कोर्ट ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) से पूछा कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) बड़े पैमाने पर परीक्षा कराता है, लेकिन वहां कभी पेपर लीक नहीं हुआ। एनटीए को उनसे सीखने की जरूरत है। देशभर में 3 मई को एनईईटी‑यूजी परीक्षा हुई थी। सात मई की शाम पेपर लीक की खबर सामने आई थी। इसके बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। अब 21 जून को पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story