भारतीय नाविकों की मौत पर खरगे ने सरकार से देश के सामने स्थिति स्पष्ट करने को कहा

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय नाविकों की मौत पर खरगे ने सरकार से देश के सामने स्थिति स्पष्ट करने को कहा


नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ओमान के निकट हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत के मामले में कहा कि घटना के तीन दिन बाद भी प्रधानमंत्री की ओर से कोई सार्वजनिक बयान या शोक संदेश नहीं आया है। इसलिए देश स्पष्टता चाहता है। इस हमले में मारे गए नाविकों के परिवार न्याय के हकदार हैं।

खरगे ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर कहा कि वह पूरे देश के साथ मिलकर जान गंवाने वाले भारतीय नाविकों के प्रति शोक व्यक्त करते हैं। नाविकों के पार्थिव शरीर भारत पहुंच चुके हैं, लेकिन अब तक प्रधानमंत्री की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की विदेश नीति के कारण भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और संप्रभुता को नुकसान पहुंचा है। राष्ट्रीय हितों से समझौता किया जा रहा है। पहले पूर्ववर्ती सरकारों की स्वतंत्र विदेश नीति के कारण विश्व भारत की बात गंभीरता से सुनता था।

उन्होंने कहा कि विदेश नीति के मामलों में भारतीय नागरिकों के जीवन को बाद में सोचने का विषय नहीं बनाया जा सकता। कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर देश के सामने स्पष्ट स्थिति रखे और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story