केसी वेणुगोपाल ने वांगचुक से की अनशन खत्म करने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
केसी वेणुगोपाल ने वांगचुक से की अनशन खत्म करने की अपील


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नीट पेपर लीक मामले में अनशनरत लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में कथित विफलताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कांग्रेस आगे भी उठाती रहेगी।

वेणुगोपाल ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन पर हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पिछले डेढ़ महीने से यही मांग उठा रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली के ध्वस्त होने और मोदी सरकार में जवाबदेही के अभाव को लेकर वांगचुक जिस पीड़ा और आक्रोश को महसूस कर रहे हैं, कांग्रेस भी उससे सहमत है।

वेणुगोपाल ने कहा कि वांगचुक द्वारा उठाए गए मुद्दे केवल उनके नहीं, बल्कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की भी चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मोदी सरकार का विरोध जारी रखेगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाती रहेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story