डीके शिवकुमार मंत्रिपरिषद का विस्तार जल्द : सुरजेवाला

WhatsApp Channel Join Now
डीके शिवकुमार मंत्रिपरिषद का विस्तार जल्द : सुरजेवाला


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कर्नाटक मंत्रिपरिषद का विस्तार जल्द किया जाएगा और विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले इस प्रक्रिया के पूरा होने की उम्मीद है। इस संबंध में पार्टी नेतृत्व के साथ चर्चा हो रही है।

सुरजेवाला ने गुरुवार को दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य सिद्धारमैया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद सहित कई मंत्री और वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंचे हैं। शिवकुमार और सिद्धारमैया ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि चर्चाएं अभी प्रारंभिक चरण में हैं, इसलिए फिलहाल कोई निश्चित तारीख बताना संभव नहीं है। हालांकि, कर्नाटक मंत्रिपरिषद का विस्तार बहुत जल्द किया जाएगा।

सुरजेवाला ने कहा कि मंत्रिपरिषद में 20 पद रिक्त हैं और विधानसभा अध्यक्ष का पद भी खाली है। सभी पक्षों से परामर्श के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पार्टी का प्रयास अधिकतम रिक्तियों को भरने का होगा और संभव हुआ तो सभी पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story