एआईएमआईएम के पूर्व प्रवक्ता सैयद आसिम वकार कांग्रेस में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
एआईएमआईएम के पूर्व प्रवक्ता सैयद आसिम वकार कांग्रेस में शामिल


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। एआईएमआईएम के पूर्व प्रवक्ता सैयद आसिम वकार बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। वकार ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी मौजूद रहे।

इस मौके पर वकार ने पत्रकार वार्ता में कहा कि अगर देश से सच्चा प्रेम है और भाजपा को सत्ता से हटाना है तो कांग्रेस के साथ आना जरूरी है, क्योंकि कांग्रेस मजबूती के साथ भाजपा के खिलाफ लड़ रही है।

उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम में रहने के दौरान उन्हें लगा कि पार्टी भाजपा और उसकी विचारधारा से लड़ने की बात करती है, लेकिन जमीन पर उन लोगों से लड़ रही है जो भाजपा के खिलाफ हैं। इसलिए उन्होंने कांग्रेस के साथ आने का फैसला किया।

वकार ने कहा कि देश से मोहब्बत करने वाले लोग भाजपा की सरकार को सत्ता से हटाना चाहते हैं, ताकि देश में धर्मनिरपेक्ष और जनहित की सरकार बनाई जा सके। कांग्रेस ही वह पार्टी है जो मजबूती के साथ भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में शिक्षा, रोजगार, छात्रों, महिलाओं और वंचित वर्गों के मुद्दों को लेकर आंदोलन चल रहा है। राहुल गांधी हर वर्ग की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं और सरकार को लगातार हर मोर्चे पर चेता रहे हैं। राहुल गांधी की विचारधारा से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता कांग्रेस से जुड़ रहे हैं और मल्लिकार्जुन खरगे तथा राहुल गांधी के हाथों को मजबूत कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वकार का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी वाकपटुता के जरिए समाज को सकारात्मक संदेश देने का काम किया है। वकार की सोच और विचार राहुल गांधी के देश के लिए देखे गए सपने से जुड़े हैं। कांग्रेस की ‘मोहब्बत की दुकान’ लगातार बढ़ रही है और साल 2027 में उत्तर प्रदेश के हर गांव और गली में कांग्रेस का झंडा फहरेगा।

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि सैयद आसिम वकार के कांग्रेस परिवार में शामिल होने से पार्टी और मजबूत हुई है। आने वाले समय में कई और लोग कांग्रेस से जुड़ेंगे। कांग्रेस भाजपा की विचारधारा के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी और जीत हासिल करेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story