मल्लिकार्जुन खरगे के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक को परिवाद पेश, कार्यवाही की मांग

WhatsApp Channel Join Now
मल्लिकार्जुन खरगे के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक को परिवाद पेश, कार्यवाही की मांग


बांसवाड़ा, 23 अप्रैल (हि.स.)। असम की चुनावी रैलियों में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान को लेकर बांसवाड़ा जिले में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। कलिंजरा निवासी हरीश कुमार पटेल ने जिला पुलिस अधीक्षक को परिवाद सौंपकर खरगे के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

परिवादी हरीश कुमार पटेल ने अपने आवेदन में बताया कि गत 6 अप्रैल को असम के श्रीभूमि और कछार जिलों में चुनावी रैलियों के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कथित तौर पर आरएसएस और भाजपा के विरुद्ध आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का हवाला देते हुए परिवादी ने आरोप लगाया कि खरगे ने धार्मिक प्रतीकों की आड़ में नफरत फैलाने वाला भाषण (हेट स्पीच) दिया है।

परिवाद में कहा गया है कि खरगे के इस बयान से आरएसएस और भाजपा के कार्यकर्ताओं सहित आम जन की भावनाएं आहत हुई हैं। हरीश पटेल ने पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि यह मामला आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के साथ-साथ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) और साइबर क्राइम की धाराओं के तहत आता है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में कलिंजरा थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर उचित अनुसंधान के आदेश दिए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

Share this story