हरियाणा के पदकवीरों का हवाई अड्डे पर स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के पदकवीरों का हवाई अड्डे पर स्वागत


-मुख्यमंत्री नायब सैनी सात अगस्त को चंडीगढ़ में करेंगे सम्मानित

चंडीगढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में देश का गौरव बढ़ाने वाले पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों का भारत लौटने पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टर्मिनल-3) पर भव्य स्वागत किया गया।

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की इस ऐतिहासिक पदक तालिका में 13 स्वर्ण (गोल्ड), 17 रजत (सिल्वर) और 9 कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक शामिल हैं। इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने विश्व खेल पटल पर अपनी मजबूत खेल क्षमता और उभरती हुई शक्ति का लोहा मनवाया है। हरियाणा के कुल 11 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।

भारत के कुल 13 स्वर्ण पदकों में से अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने 7 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। ये सारे गोल्ड मेडल मुक्केबाजों ने अपने नाम किए हैं। इस ऐतिहासिक पल पर खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में प्रदेश के खेल एवं कानून राज्यमंत्री गौरव गौतम स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से सभी पदक विजेताओं को पुष्पगुच्छ भेंट किए और उनके गले में मेडल देखकर पूरी टीम की पीठ थपथपाई।

गौतम ने कहा कि इन खिलाड़ियोंं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है और करोड़ों युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। गौतम ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गौतम ने बताया कि सात अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सैनी चंडीगढ़ में सभी खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे और हरियाणा सरकार की खेल नीति के अनुसार खिलाड़ियों को सम्मान दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story