इतिहास के पन्नों में 27 मार्च : मुसलमानों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने वाले सर सैयद अहमद खान की पुण्यतिथि

WhatsApp Channel Join Now


इतिहास में 27 मार्च का दिन कई महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए जाना जाता है। इसी दिन 1898 में महान शिक्षाविद और समाज सुधारक सर सैयद अहमद खान का निधन हुआ था। उन्होंने भारतीय मुसलमानों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।

सर सैयद न केवल उर्दू साहित्य के विद्वान थे, बल्कि कई भाषाओं के ज्ञाता भी थे। उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझते हुए मोहम्मडन एंग्लो-ओरिएण्टल कॉलेज की स्थापना की, जो आगे चलकर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित हुआ।

आज अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में जानी जाती है, जहां विभिन्न देशों से छात्र शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। सर सैयद अहमद खान का योगदान भारतीय शिक्षा और सामाजिक सुधार के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1668- इंग्लैंड के शासक चार्ल्स द्वितीय ने बॉम्बे (अब मुम्बई) को ईस्ट इंडिया कंपनी के हवाले किया।

1855 - अब्राहम गेस्नर ने केरोसिन (मिट्टी के तेल) का पेटेंट लिया।

1977 - स्पेन के कनेरी द्वीपों के मशहूर पर्यटन स्थल टेनेरीफ में दो जंबो जेट हवाई पट्टी पर ही टकरा गए, जिससे 583 लोगों की मौत हो गई।

1990 - पश्चिम बंगाल के निंपुरा में एक यात्री बस के पुल से टकराकर नीचे गिरने के दौरान बिजली की तारों में अटक जाने से हुए भीषण धमाके में 41 लोगों की करंट लगने से मौत हुई और 21 लोग बुरी तरह झुलस गए।

1998 - अमेरिका के खाद्य और औषधि प्रशासन ने दवा बनाने वाली कंपनी पीफिजर की दवा वियाग्रा को नपुंसकता के इलाज की दवा के तौर पर इस्तेमाल करने को मंजूरी दी।

2000 - रूस में 52.52 प्रतिशत मत प्राप्त कर रूस के कार्यवाहक राष्ट्रपति व्लादिमीर व्लादिमीरोविच पुतिन ने राष्ट्रपति चुनाव जीता।

2003 - रूस ने घातक टोपोल आर एस-12 एम बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया।

2008 - अंतरिक्ष यान एंडेवर पृथ्वी पर सफलतापूर्वक सुरक्षित लौटा।

2010 - भारत ने ओडिशा के चांदीपुर में परमाणु प्रौद्योगिकी से लैस प्रक्षेपास्त्र धनुष और पृथ्वी 2 का सफल परीक्षण किया।

2011 - जापान के फुकुशिमा में भूकंप के बाद क्षतिग्रस्त परमाणु ऊर्जा संयंत्र की एक इकाई में रेडियोधर्मी विकिरण सामान्य से एक करोड़ गुना अधिक पाया गया।

जन्म

1912 - विमल प्रसाद चालिहा - स्वतंत्रता सेनानी, राजनीतिज्ञ और असम के मुख्यमंत्री रहे थे।

1915 - पुष्पलता दास - एक सामाजिक कार्यकर्ता, उत्साही गांधीवादी और स्वतंत्रता सेनानी थीं।

1923 - धर्मपाल गुलाटी - भारत की दिग्गज मसाला कम्पनी 'एमडीएच' के मालिक थे।

1923 - लीला दुबे - एक प्रसिद्ध मानव विज्ञानी और नारीवादी विद्वान।

1936 - बनवारी लाल जोशी - भारतीय राजनीतिज्ञ हैं, जो दिल्ली के उपराज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश, मेघालय और उत्तराखंड के राज्यपाल रह चुके हैं।

1999 - मुरली श्रीशंकर - भारत के लम्बी कूद के खिलाड़ी हैं।

निधन

1915 - पंडित कांशीराम - गदर पार्टी के प्रमुख नेता और देश की स्वाधीनता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिये थे।

1968 - यूरी गागरीन - भूतपूर्व सोवियत संघ के विमान चालक और अंतरिक्षयात्री।

2000 - प्रिया राजवंश - भारतीय हिंदी सिनेमा की अभिनेत्री।

2006 - भाई मोहन सिंह - भारत के प्रख्यात उद्योगपति, जो दिग्गज दवा कम्पनी 'रैनबैक्सी' के संस्थापक थे।

2015 - टी. सैलोओ - उत्तर-पूर्व भारत के मिज़ोरम राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री थे।

महत्वपूर्ण अवसर

विश्व थियेटर (रंगमंच) दिवस

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story