इतिहास के पन्नों में 27 फरवरी : गोधरा कांड की वह भयावह सुबह जिसने देश को झकझोर दिया

WhatsApp Channel Join Now
इतिहास के पन्नों में 27 फरवरी : गोधरा कांड की वह भयावह सुबह जिसने देश को झकझोर दिया


साल के दूसरे महीने का 27वां दिन भारतीय इतिहास में एक बेहद दुखद घटना के रूप में दर्ज है। 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगा दी गई, जिसमें 59 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह ट्रेन अयोध्या से अहमदाबाद की ओर जा रही थी और इसमें बड़ी संख्या में हिंदू तीर्थयात्री सवार थे।

रिपोर्टों के अनुसार, गोधरा स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के तुरंत बाद किसी ने चेन खींचकर उसे रोक दिया। इसके बाद ट्रेन पर पथराव हुआ और एस-6 कोच को आग के हवाले कर दिया गया। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और डिब्बे में फंसे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। यह घटना देशभर में स्तब्धता और आक्रोश का कारण बनी।

इस हादसे के बाद गुजरात के कई हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी, जिसने व्यापक स्तर पर जान-माल का नुकसान किया। राज्य के विभिन्न शहरों, खासकर अहमदाबाद में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देशवासियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करनी पड़ी।

गोधरा कांड और उसके बाद हुई हिंसा भारतीय राजनीति और समाज पर गहरा प्रभाव छोड़ गई। यह घटना आज भी देश के इतिहास के सबसे संवेदनशील और विवादित अध्यायों में गिनी जाती है।

महत्वपूर्ण घटनाक्रम

1879 - आर्टिफिशियल स्वीटनर सैकरीन की खोज 1879 में आज ही के दिन रूसी रसायनशास्त्री कॉन्सटैंटिन फालबर्ग ने की थी। कोल तार के पदार्थों पर शोध करने के दौरान उनके हाथ में किसी पदार्थ की मिठास रह गई। इस पदार्थ को उन्होंने 'सैकरिन' नाम दिया। यह व्यावसायिक रूप से उपलब्ध होने वाला पहला कृत्रिम मिठास देने वाला पदार्थ था।

1932 - ब्रिटिश भौतिकशास्त्री जेम्स चैडविक ने न्यूट्रॉन की खोज की। अणु में प्रोटॉन और न्यूट्रॉन मिलकर अणु का केंद्रक बनाते हैं। इलेक्ट्रॉन इस केंद्रक के चारों तरफ चक्कर लगाते हैं। इस खोज के बाद अणु के केंद्रक को अलग करना संभव हुआ, जिससे परमाणु बम बनाने की राह प्रशस्त हुई।

2001 - गोधरा, गुजरात में अयोध्या से वापस आ रहे कारसेवकों के डिब्बे में आग लगाए जाने से 59 हिन्दू कारसेवकों की मौत।

2001 - अफगानिस्तान में तालिबान द्वारा सभी देव प्रतिमाओं को नष्ट करने का आदेश।

2005 - मारिया शारापोवा ने 'कतर ओपन' खिताब जीता।

2007 - लान्साना कोयटे गुयाना के नये प्रधानमंत्री बने।

2008 - लगातार सातवें साल विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 25 महिलाओं को 'जी. आर-8 सम्मान' से नवाजा गया।

2008 - पाकिस्तान की सरकार ने आसिफ़ अली जरदारी के ख़िलाफ़ लगाये गए भ्रष्टाचार के सभी आरोप वापस लिए।

2009 - भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपनी लोकसभा सीट का उत्तराधिकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल जी टंडन को सौंपा।

2010 - भारत ने आठवीं राष्ट्रमंडल निशानेबाज़ी प्रतियोगिता में 35 स्वर्ण, 25 रजत और 14 काँस्य सहित कुल 74 पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। इंग्लैंड चार स्वर्ण सहित 31 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर और वेल्स चार स्वर्ण सहित 13 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा। ऑस्ट्रेलिया ने तीन स्वर्ण सहित 19 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया।

2012 - भारत 2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा, लेकिन उसकी ऊर्जा की मांग घटकर 4.5 प्रतिशत रह जाएगी। उर्जा क्षेत्र की वैश्विक कंपनी बीपी ने यह अनुमान लगाया है।

जन्म

1882 - विजय सिंह पथिक - राजस्थान के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी थे।

1912 - विष्णु वामन शिरवाडकर कुसुमाग्रज - मराठी कवि, नाटककार, उपन्यासकार और लघु कथाकार थे।

1925 - श्यामा चरण शुक्ल - मध्य प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री थे।

1934 - मनोज दास - प्रसिद्ध उड़िया साहित्यकार थे।

1943 - बी. एस. येदयुरप्पा - भारतीय राजनीतिज्ञ और कर्नाटक] के मुख्यमंत्री हैं।

1945 - सत्य देव सिंह - भारतीय जनता पार्टी के राजनेता थे।

1952 - प्रकाश झा - प्रसिद्ध भारतीय हिन्दी फ़िल्मकार हैं।

1954 - वीरेन्द्र कुमार खटीक - भारतीय राजनीतिज्ञ और भारत की 17वीं लोकसभा के सांसद हैं।

निधन

1931 - चंद्रशेखर आज़ाद- भारतीय क्रांतिकारी।

1956 - गणेश वासुदेव मावलंकर - प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और लोकसभा के प्रथम अध्यक्ष।

1976 - के. सी. रेड्डी - कर्नाटक के प्रथम मुख्यमंत्री तथा मध्य प्रदेश के भूतपूर्व राज्यपाल।

1997 - इन्दीवर - हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध गीतकार।

2010 - नानाजी देशमुख - 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ' के मज़बूत स्तंभ और प्रख्यात समाजसेवक।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story