इतिहास के पन्नों में 21 जुलाई : जब देश को पहली महिला राष्ट्रपति और दुनिया को पहली महिला प्रधानमंत्री मिली
भारतीय इतिहास में 21 जुलाई महिलाओं की उपलब्धियों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन माना जाता है। इसी दिन वर्ष 2007 में प्रतिभा देवीसिंह पाटिल राष्ट्रपति चुनाव जीतकर भारत की पहली महिला राष्ट्रपति बनने का गौरव हासिल किया था। वहीं, विश्व इतिहास में भी 21 जुलाई का विशेष महत्व है, क्योंकि 1960 में सिरिमावो भंडारनायके दुनिया की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं।
प्रतिभा पाटिल का जन्म 19 दिसंबर 1934 को हुआ था। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद 25 जुलाई 2007 को भारत के 12वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। वर्ष 2007 से 2012 तक उन्होंने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की जिम्मेदारी निभाई और इस पद तक पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। उनकी जीत भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जाती है।
विश्व राजनीति में भी 21 जुलाई का दिन ऐतिहासिक है। 21 जुलाई 1960 को सिरिमावो भंडारनायके ने तत्कालीन सीलोन (अब श्रीलंका) की प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेकर दुनिया की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने का इतिहास रचा।
17 अप्रैल 1916 को जन्मी सिरिमावो भंडारनायके ने अपने पति और श्रीलंका फ्रीडम पार्टी के नेता एस.डब्ल्यू.आर.डी. भंडारनायके की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया। 1952 के आम चुनाव में उन्होंने अपने पति के लिए पूरे देश में व्यापक प्रचार किया। पति की हत्या के बाद मई 1960 में उन्हें सर्वसम्मति से श्रीलंका फ्रीडम पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। उसी वर्ष हुए आम चुनाव में पार्टी की जीत के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1883 - कोलकाता में भारत के पहले सार्वजनिक थियेटर की शुरुआत हुई।
1884 - लॉर्डस के मैदान पर पहला क्रिकेट टेस्ट मैच खेला गया।
1888 - ब्रिटेन के आविष्कारक डनलप ने टायर और टयूब तैयार किए, जिससे परिवहन के साधनों की गति बढ़ी।
1904 - 13 साल तक चले निर्माण कार्य के बाद रूस में 4607 किलोमीटर लंबी ट्रांस साइबेरियन रेल लाइन का काम पूरा।
1940 - सोवियत संघ ने एस्टोनिया लातविया और लिथुआनिया पर कब्जा किया।
1960 - श्रीलंका (तब सीलोन) में सिरिमावो भंडारनायके विश्व की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
1962 - भारत चीन के बीच सीमा पर युद्ध।
1963 - काशी विद्यापीठ (वाराणसी) को विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया।
1969 - अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग एवं एडविन एल्ड्रिन चन्द्रमा पर उतरे।
1977 - नीलम संजीव रेड्डी भारत के राष्ट्रपति चुने गए।
1983 - रूस के वोस्टोक स्टेशन पर तापमान माइनस 89.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। धरती के किसी हिस्से पर ये अब तक का सबसे कम तापमान है।
1988 - भारतीय राष्ट्रीय उपग्रह (इनसैट-1सी) का प्रक्षेपण।
2004 - संयुक्त राष्ट्र आम सभा ने भारी बहुमत से पश्चिमी किनारे के फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों से इस्रायल को बाढ़ हटाने का प्रस्ताव पारित किया।
2007 - वांशिगटन में चार दिनों तक चले विचार-विमर्श के बाद भारत-अमेरिका परमाणु समझौते का प्रारूप तैयार किया गया।
2007 - हैरी पॉटर सीरीज की आखिरी किताब 'हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज' रिलीज हुई।
2007 - प्रतिभा पाटिल भारत की पहली महिला राष्ट्रपति बनीं।
2008 - नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारतीय मूल के रामबरन यादव को नेपाल का पहला राष्ट्रपति चुना गया।
2011 - नासा का ऑर्बिटर अटलांटिस धरती पर वापस लौटा। इसी के साथ अमेरिका ने 135 मिशन के बाद स्पेस शटल प्रोग्राम को बंद कर दिया।
2013 - बेल्जियम के महाराज अल्बर्ट द्वितीय ने बेटे फिलिप की ताजपोशी के लिए राजगद्दी छोड़ी।
जन्म
1890 - जयरामदास दौलतराम - भारत के स्वतंत्रता सेनानी एवं राजनेता थे।
1899 - अर्नेस्ट हेमिंग्वे - अमेरिकी उपन्यासकार, लघु कहानी लेखक और पत्रकार थे।
1910 - विगगो कैंपमैन - प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ थे जो डेनमार्क के सामाजिक डेमोक्रेट्स के नेता थे।
1910 - विट्ठल सखाराम पागे - भारत के जाने-माने स्वतन्त्रता सेनानी और कुशल राजनीतिज्ञ थे।
1911 - उमाशंकर जोशी, ज्ञानपीठ पुरस्कार सम्मानित और प्रसिद्ध गुजराती साहित्यकार।
1930 - आनंद बख़्शी - भारतीय कवि और फ़िल्मी गीतकार
1940 - शंकरसिंह वाघेला - भारतीय राजनीतिज्ञ हैं, जो गुजरात के भूतपूर्व बारहवें मुख्यमंत्री रहे हैं।
1947 - चेतन चौहान - प्रसिद्ध भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी थे।
निधन
1995 - सज्जाद हुसैन - भारतीय हिन्दी सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार थे।
1972 - जिग्मे दोरजी वांग्चुक - भूटान के तीसरे राजा थे।
1906 - व्योमेश चन्द्र बनर्जी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रथम अध्यक्ष
2001- शिवाजी गणेशन, प्रसिद्ध तमिल अभिनेता।
2007 - अनिसेत्ति रघुवीर - असम के भूतपूर्व राज्यपाल थे।
2009 - गंगूबाई हंगल - 'भारतीय शास्त्रीय संगीत' की प्रसिद्ध गायिका।
2020 - लालजी टंडन - भारत के प्रसिद्ध तथा वरिष्ठ राजनीतिज्ञों में से एक थे।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

