इतिहास के पन्नों में 18 मार्च : विश्व पुस्तक मेले की शुरुआत और शशि कपूर के जन्म से खास बना यह दिन
भारतीय इतिहास में 18 मार्च का दिन साहित्य और सिनेमा दोनों क्षेत्रों के लिए खास महत्व रखता है। इसी दिन भारत में विश्व पुस्तक मेले की शुरुआत हुई थी, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की श्रेष्ठ पुस्तकों को पाठकों तक पहुंचाना था।
भारत में पहला विश्व पुस्तक मेला 18 मार्च 1972 को राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित किया गया था। इस मेले में 200 से अधिक प्रकाशकों ने हिस्सा लिया था। इसका उद्घाटन तत्कालीन राष्ट्रपति वी.वी. गिरि ने ने किया था। इस आयोजन का उद्देश्य पाठकों को देश-विदेश के साहित्य से जोड़ना और प्रकाशन जगत को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना था।
पहले आयोजन की सफलता के बाद से यह मेला समय-समय पर आयोजित होता रहा और धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हो गया। आज विश्व पुस्तक मेला भारत के सबसे बड़े साहित्यिक आयोजनों में गिना जाता है, जहां देश-विदेश के लेखक, प्रकाशक और पाठक बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।
18 मार्च का दिन हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और निर्माता शशि कपूर के जन्मदिन के रूप में भी याद किया जाता है। उनका जन्म 18 मार्च 1938 को कोलकाता में हुआ था। शशि कपूर ने अपने अभिनय से हिंदी सिनेमा में अलग पहचान बनाई और कई लोकप्रिय फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।
उन्होंने व्यावसायिक फिल्मों के साथ-साथ समानांतर सिनेमा को भी प्रोत्साहित किया। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया और कई सार्थक फिल्मों का निर्माण किया।
शशि कपूर का थिएटर से भी गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने रंगमंच के कलाकारों के लिए पृथ्वी थिएटर को नया स्वरूप और पहचान दिलाई। भारतीय सिनेमा और रंगमंच में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
04 दिसंबर 2017 को उनका निधन हो गया लेकिन भारतीय सिनेमा और थिएटर में उनका योगदान आज भी याद किया जाता है।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1801 - भारत में हथियार बनाने का पहला कारखाना स्थापित किया गया।
1915 - डिफेंस ऑफ इंडिया एक्ट को मंजूरी दी गई।
1919 - रॉलेट एक्ट पारित किया गया और इसने 1915 में पारित डिफेंस ऑफ इंडिया एक्ट की जगह ली। इसके जरिए भारतीयों के नागरिक और राजनीतिक अधिकारों को कुचलने का काम किया गया।
1922 - महात्मा गांधी को कारावास की सजा सुनाई गई।
1940 - इटली का शासक मुसोलिनी, हिटलर के साथ बातचीत के बाद युद्ध में प्रवेश के लिए सहमत।
1944 - नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज ने बर्मा की सीमा पार कर भारत में प्रवेश किया।
1965 - रूसी अंतरिक्ष यात्री एलेक्सी लियोनोव अंतरिक्ष में प्रवेश करने वाले पहले व्यक्ति बने।
1972 - विश्व पुस्तक मेले की शुरुआत।
2000 - उगांडा में प्रलय दिवस सम्प्रदाय के 230 सदस्यों ने आत्मदाह किया।
2006 - संयुक्त राष्ट्र ने 'मानवाधिकार परिषद' के गठन का प्रस्ताव मंजूर किया।
2007 - उत्तर कोरिया ने परमाणु कार्यक्रम बन्द करने का कार्य प्रारम्भ किया। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोच बॉब वूल्मर का निधन।
2008 - टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर में 'डॉक्टर ऑफ़ सांइस' की मानद उपाधि से सम्मानित किया।
2008 - भारती इंटरप्राइजेज के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील भारती मित्तल अमेरिका के विशिष्ट उद्यमी अकादमी में शामिल होने वाले प्रथम भारतीय बने।
-पाकिस्तान की सरकार ने विवादित इर्ब इंटेलिजेंस ब्यूरो के प्रमुख एजान शाह को बर्ख़ास्त किया।
2009 - केन्द्रीय मंत्री मण्डल ने मेघालय में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफ़ारिश की।
2013 - 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा। 'पान सिंह तोमर' को 60वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह में वर्ष 2012 का सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया।
2015 - ट्यूनीशिया के बार्डो राष्ट्रीय संग्रहालय पर आतंकवादी हमला, 23 लोगों की मौत और 50 से अधिक घायल।
2017 - योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के 21वें मुख्यमन्त्री बने।
2024 - व्लादिमीर पुतिन ने रिकॉर्ड मतों से रूस का राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता।
जन्म
1858 - रूडोल्फ डीजल- डीजल इंजन के खोजकर्ता।
1914 - गुरबख्श सिंह ढिल्लों - आज़ाद हिन्द फ़ौज के अधिकारी थे।
1914 - नागेन्द्र सिंह - भारत के भूतपूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त थे।
1926 - अक्किथम अछूथन नंबूथिरी - मलयालम भाषा के कवि थे।
1938 - शशि कपूर - हिन्दी सिनेमा जगत के प्रसिद्ध अभिनेताओं में से एक थे।
1953 - डी. वी. सदानंद गौड़ा - भारतीय राजनीतिज्ञों में से एक हैं।
1955 - रावसाहेब दानवे - भारतीय जनता पार्टी से संबद्ध राजनेता हैं।
2000 - माना पटेल - ओलंपिक में क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला तैराक हैं।
निधन
1956 - नारायण शास्त्री मराठे - प्रसिद्ध मराठी विद्वान।
1980 - एरिक फ्रॉम - समाजशास्त्री व मनोवैज्ञानिक।
2000 - राजकुमारी दुबे - हिन्दी सिनेमा की जानीमानी गायिका थीं।
महत्वपूर्ण अवसर
आयुध निर्माण दिवस
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

