इतिहास के पन्नों में 07 नवंबर : नोबेल जीतने वाले एशिया के पहले वैज्ञानिक सीवी रमन का जन्म

WhatsApp Channel Join Now
इतिहास के पन्नों में 07 नवंबर : नोबेल जीतने वाले एशिया के पहले वैज्ञानिक सीवी रमन का जन्म


इतिहास के पन्नों में 07 नवंबर : नोबेल जीतने वाले एशिया के पहले वैज्ञानिक सीवी रमन का जन्म


इतिहास में 07 नवंबर की तारीख भारत के महान वैज्ञानिक सर चंद्रशेखर वेंकट रमन के जन्मदिन के रूप में दर्ज है। उनका जन्म 07 नवंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुआ था। विज्ञान के प्रति गहरी जिज्ञासा और असाधारण प्रतिभा के बल पर उन्होंने दुनिया को ऐसी खोज दी, जिसने प्रकाश के अध्ययन की दिशा बदल दी। इसी उपलब्धि के लिए उन्हें वर्ष 1930 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया। वह विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल सम्मान पाने वाले पहले एशियाई वैज्ञानिक बने।

सीवी रमन की सबसे चर्चित खोज 'रमन प्रभाव' के नाम से जानी जाती है। इस खोज ने साबित किया कि जब प्रकाश की किरण किसी पारदर्शी पदार्थ से गुजरती है तो उसका एक छोटा हिस्सा प्रकीर्णित होने के बाद अपनी तरंगदैर्घ्य और आवृत्ति में बदलाव दिखाता है। इस प्रभाव के अध्ययन से पदार्थों की आणविक संरचना को समझने का नया रास्ता खुला। आज रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी का इस्तेमाल रसायन विज्ञान, भौतिकी, चिकित्सा और पदार्थ विज्ञान जैसे क्षेत्रों में किया जाता है।

रमन ने यह महत्वपूर्ण खोज ऐसे दौर में की, जब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था। वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए आधुनिक प्रयोगशालाओं और उपकरणों का अभाव था। इसके बावजूद उन्होंने सीमित संसाधनों में प्रयोग जारी रखे और अपनी लगन तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई।

उनकी उपलब्धियों के सम्मान में भारत सरकार ने वर्ष 1954 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल भारत रत्न से सम्मानित किया। सीवी रमन का जीवन इस बात का उदाहरण है कि जिज्ञासा, निरंतर परिश्रम और वैज्ञानिक सोच के बल पर सीमित संसाधनों में भी विश्वस्तरीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1862 - मुगल सल्तनत के अंतिम शासक बहादुर शाह द्वितीय की रंगून में मौत।

1867 - रेडियोधर्मिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण खोज के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मैरी क्यूरी का जन्म। वह नोबेल पुरस्कार से सम्मानित पहली महिला हैं।

1876 - बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय ने बंगाल के कांतल पाडा नामक गाँव में वन्दे मातरम् गीत की रचना की थी।

1917 - रूस में सफल बोल्शेविक क्रांति।

1951 - जार्डन में संविधान पारित किया गया।

1968 - तत्कालीन सोवियत संघ ने परमाणु परीक्षण किया।

1996 - अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मार्स ग्लोबल सर्वेयर का प्रक्षेपण किया।

1998 - अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने भारत और पाकिस्तान पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने की घोषणा की।

1998 - दुनिया का सबसे बुजर्ग अंतरिक्षयात्री जॉन ग्लेन धरती पर सुरक्षित लौटा।

2000 - अमेरिकी राष्ट्रपति पद हेतु मतदान सम्पन्न।

2002 - अमेरिकी सीनेट के लिए हुए चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बहुमत मिला।

2002 - आयरलैंड के रिचर्ड डोनोवाल 12वीं हिमालय रन एंड ट्रेक स्पर्धा में पुरुष वर्ग के चैम्पियन बने।

2002 - ईरान ने अमेरिकी उत्पादों के विज्ञापन पर प्रतिबंध लगाया।

2003 - अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने गर्भपात पर रोक सम्बन्धी विधेयक पर हस्ताक्षर किया।

2003 - राष्ट्रपति चंद्रिका कुमारतुंगा श्रीलंका में आपातकाल की घोषणा वापस ली।

2005 - पाकिस्तान और अमेरिका एफ-16 विमान टालने पर सहमत हुए।

2005 - फ्रांस ने हिंसा करने वालों के खिलाफ फतवा जारी किया।

2006 - भारत और आसियान विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास के लिए एक फंड बनाने पर सहमत हुए।

2008 - बिहार के जनतादल (यूनाइटेड) के लोकसभा सदस्यों ने अपने पद से इस्तीफा दिया।

2008 - कश्मीर के प्रसिद्ध कवि रहमान राही को ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान किया गया।

2012 - ग्वाटेमाला में भूकंप, 52 की मौत।

2021 - ड्रोन हमले में बाल-बाल बचे इराक के प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदीमी, सात सुरक्षाकर्मी घायल।

जन्म

1832 - पंडित विश्वंभर नाथ - प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ कार्यकर्ता।

1858 - बिपिन चन्द्र पाल - स्वतन्त्रता सेनानी, शिक्षक, पत्रकार, लेखक।

1867 - मैरी क्यूरी - रेडियोधर्मिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण खोज के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित हुई।

1888 - चंद्रशेखर वेंकट रामन - वैज्ञानिक और भौतिक शास्त्री। 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित।

1900 - एन.जी. रंगा - प्रमुख कृषक नेता तथा सांसद।

1936 - चंद्रकांत देवताले - प्रसिद्ध भारतीय कवि एवं साहित्यकार।

1954 - कमल हासन - दक्षिण भारतीय फ़िल्मों के सुपर स्टार भारतीय अभिनेता।

1996 - एल्डहॉस पॉल - भारत के लम्बी कूद के खिलाड़ी हैं।

निधन

1862 - बहादुर शाह जफर - मुग़ल साम्राज्य के अंतिम बादशाह थे।

1923 - अश्विनी कुमार दत्त - भारत के प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता और देश भक्त।

1972 - आर. शंकर - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ तथा केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ।

1978 - जीवराज मेहता - भारत के एक प्रमुख चिकित्सक और देश सेवक।

1998 - जीतेंद्र अभिषेकी - भारतीय शास्त्रीय संगीत के विद्वान ।

1998 - जीवन सिंह उमरानंगल - अकाली दल से संबंधित एक भारतीय राजनीतिज्ञ ।

2000 - सी. सुब्रह्मण्यम - भारत में हरित क्रांति के जनक।

2000 - तारा चेरियन - पद्म भूषण से सम्मानित भारत की समाज सेविका।

2015 - बप्पादित्य बंदोपाध्याय - भारतीय निर्देशक और कवि ।

2025 - दया प्रकाश सिन्हा - अवकाशप्राप्त आईएएस अधिकारी होने के साथ-साथ हिन्दी के प्रतिष्ठित लेखक, नाटककार, नाट्यकर्मी, निर्देशक व चर्चित इतिहासकार ।

महत्वपूर्ण अवसर

- अंतरराष्ट्रीय रेड क्रास दिवस (सप्ताह)।

- शिशु सुरक्षा दिवस।

- महान अक्टूबर क्रान्ति दिवस।

- कैंसर जागरुकता दिवस।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773635 Articles

Share this story