इतिहास के पन्नों में 07 जुलाई : विश्व क्रिकेट के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी का जन्म

WhatsApp Channel Join Now
इतिहास के पन्नों में 07 जुलाई : विश्व क्रिकेट के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी का जन्म


इतिहास के पन्नों में 07 जुलाई : विश्व क्रिकेट के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी का जन्म


भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी का जन्म 07 जुलाई 1981 को झारखंड की राजधानी रांची में हुआ था। साधारण परिवार से निकलकर अपनी प्रतिभा, शांत स्वभाव, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष के दम पर धोनी ने विश्व क्रिकेट में एक ऐसा मुकाम हासिल किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।

'माही' और 'कैप्टन कूल' के नाम से लोकप्रिय धोनी ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में आईसीसी टी-20 विश्व कप, 2011 में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। वह आईसीसी की तीनों प्रमुख सीमित ओवरों की विश्व प्रतियोगिताएं जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं।

धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट, 350 एकदिवसीय और 98 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में 10,000 से अधिक रन बनाए और विकेटकीपर के रूप में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। उनकी तेज़ स्टंपिंग, बेहतरीन विकेटकीपिंग और मैच को अंत तक ले जाकर जीत दिलाने की क्षमता ने उन्हें दुनिया के महानतम फिनिशरों में शामिल किया।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2007 में राजीव गांधी खेल रत्न, 2009 में पद्मश्री और 2018 में पद्म भूषण से सम्मानित किया। इसके अलावा उन्हें आईसीसी सहित अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं।

15 अगस्त 2020 को धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की, लेकिन उनकी उपलब्धियां और भारतीय क्रिकेट में उनका योगदान आज भी करोड़ों प्रशंसकों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1456 - जोन ऑफ आर्क को उनकी मृत्यु के 25 साल बाद दोषमुक्त करार दिया गया।

1896 - भारत में सिनेमा का प्रवेश। मुंबई के वाटसन होटल में ल्यूमिर बंधुओं ने फिल्मों का पहली बार प्रदर्शन किया।

1912 - अमेरिकी खिलाड़ी जिम थोर्पे ने स्टॉकहोम ओलम्पिक में चार स्वर्ण जीतकर तहलका मचाया।

1928 - स्लाइस्ड ब्रेड की पहली बार बिक्री हुई। इसे मशीन से काट कर तैयार किया गया।

1948 - स्वतंत्र भारत की पहली बहुउद्देशीय परियोजना।

1955 - भारत में सर्वप्रथम 7 जुलाई, 1955 को वन्य प्राणी दिवस मनाया गया।

1978 - सोलोमन द्वीप ने यूनाइटेड किंगडम से अपनी आजादी का ऐलान किया।

1985 - महज 17 साल की उम्र में बोरिस बेकर ने विम्बलडन जीता

1998 - पं. विश्वमोहन भट्ट को सं.रा. अमेरिका का प्रतिष्ठित दशाब्दी का सर्वाधिक प्रशंसित व्यक्ति सम्मान मिला।

1999 - फ़्रांसीसी वैज्ञानिकों द्वारा पेचिस पेचिस के नये टीके की खोज।

1999 - परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए।

2007 - अमेरिका के दूरसंचार उपग्रह डायरेक्ट वी-10 को रूस के प्रोटान-एम रॉकेट द्वारा प्रक्षेपित किया गया।

2008 - काबुल (अफगानिस्तान) में हुए भारतीय दूतावास पर हमले में 41 लोग मारे गये।

जन्म

1656 - गुरु हर किशन सिंह - सिखों के आठवें गुरु।

1854 - मोहम्मद बरकतउल्ला - भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे।

1900 - काला वेंकटराव - दक्षिण भारत के एक प्रमुख राजनैतीक कार्यकर्ता।

1922 - चंद्रशेखर वैद्य - भारतीय सिने अभिनेता थे। उन्हें मुख्यत: चंद्रशेखर के नाम से ही जाना जाता था।

1929 - ठाकुर राम लाल - हिमाचल प्रदेश में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनेताओं में से एक थे।

1934 - राघवजी - 'भारतीय जनता पार्टी' के नेता।

1935 - अंशुमान सिंह - राजस्थान और गुजरात के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व न्यायमूर्ति थे।

1942 - मनोहर कान्त ध्यानी - उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ तथा राजनेता हैं।

1981 - महेन्द्र सिंह धोनी - प्रसिद्ध भारतीय क्रिकेटर।

1883 - चन्द्रधर शर्मा गुलेरी - प्रसिद्ध साहित्यकार।

1878 - रणधीर सिंह - प्रसिद्ध सिख नेता और क्रांतिकारी थे।

1914 - अनिल बिस्वास - प्रसिद्ध संगीतकार।

1959 - अशोक कुमार सिंह - अनेक शोध-निबंध स्तरीय भारतीय एवं विदेशी शोध-पत्रिकाओं में प्रकाशित।

1962 - माधवी सरदेसाई - महिला साहित्यकार जो कोंकणी साहित्यिक जर्नल 'जाग' की संपादक थीं।

2000 - सागर अहलावत - राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत के लिये रजत पदक जीतने वाले मुक्केबाज़ हैं।

निधन

1758 - राजा मार्तंड वर्मा - आधुनिक त्रावणकोर के निर्माता।

1930 - आर्थर कॉनन डॉयल - ब्रिटिश लेखक।

2021 - दिलीप कुमार - हिन्दी सिनेमा के ख्यातिप्राप्त अभिनेता थे। वह राज्य सभा के पूर्व सदस्य भी रहे।

2011 - अब्दुल कावी देसनावी - उर्दू भाषा के प्रसिद्ध लेखक व शायर थे।

2014 - मदन लाल मधु - हिंदी और रूसी साहित्य के आधुनिक सेतु निर्माताओं में से एक।

1990 - लालडेंगा - मिज़ो राष्ट्रवादी थे, जो मिज़ोरम के मुख्यमंत्री रहे थे।

1999- विक्रम बत्रा - मरणोपरांत 'परमवीर चक्र' से सम्मानित भारत के सैनिक थे।

1999 - अनुज नय्यर - मरणोपरांत सर्वोच्च वीरता पुरस्कार 'महावीर चक्र' से सम्मानित भारतीय सैन्य अधिकारी थे।

महत्वपूर्ण अवसर

- वन्य प्राणी दिवस।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story