इतिहास के पन्नों में 06 मई : मुंबई हमले के दोषी अजमल कसाब को सुनाई गई थी फांसी की सजा

WhatsApp Channel Join Now


भारत के इतिहास में 6 मई का दिन आतंकवाद के दर्दनाक अध्याय की याद दिलाता है। इसी दिन वर्ष 2010 में मुंबई हमले के दोषी और जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब को विशेष अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी।

26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाते हुए समन्वित हमले किए थे। इन हमलों में होटल, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अंधाधुंध गोलीबारी और विस्फोट किए गए।

सुरक्षा बलों ने बहादुरी दिखाते हुए नौ आतंकवादियों को मार गिराया, जबकि अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया। कसाब की गिरफ्तारी इस मामले में जांच के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुई, जिससे पूरे हमले की साजिश और उसके पीछे के नेटवर्क का खुलासा हुआ।

इस आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए थे। कई दिनों तक चले ऑपरेशन के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन इस घटना ने देश की सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद 6 मई 2010 को विशेष अदालत ने कसाब को दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई। बाद में उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस सजा को बरकरार रखा। अंततः 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवदा जेल में उसे फांसी दे दी गई।

6 मई का यह दिन आज भी देश को उस भयावह घटना की याद दिलाता है, जब आतंकवाद ने भारत को गहरा घाव दिया था और साथ ही यह दिन न्याय व्यवस्था की दृढ़ता का भी प्रतीक है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1529 - बंगाल के अफगान शासक नसरत शाह को गोगरा नदी के किनारे हुई लड़ाई में बाबर के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा।

1840 - दुनिया की पहली गोंद लगी डाक टिकट ‘पेनी ब्लैक’ का ग्रेट ब्रिटेन में इस्तेमाल हुआ।

1857 - ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने बंगाल नेटिव इंफैंटरी की 34वीं रेजिमेंट को भंग किया। रेजिमेंट के सिपाही मंगल पांडेय ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह किया था।

1940 - जॉन स्टेनबेक को उनके उपन्यास ‘द ग्रेप्स ऑफ रैथ’ के लिए पुलित्जर पुरस्कार मिला।

1942 - फिलीपीन में अमेरिकी सेना की अंतिम टुकड़ी ने जापान के समक्ष समर्पण किया।

1944 - गांधी जी को पुणे के आगा खां पैलेस से रिहा किया गया और यह उनके जीवन की अंतिम जेल यात्रा थी।

1954 - लंदन के बगीचे में कई महीने तक दौड़ने का अभ्यास करने वाले मेडिकल छात्र रोजर बैनिस्टर ने एक मील की दूरी को चार मिनट के भीतर पूरा करने का रिकार्ड बनाया. उन्होंने यह दूरी तीन मिनट 59.9 सेकंड में पूरी की।

1960 - ब्रिटेन की महारानी की छोटी बहन राजकुमारी मार्गरेट और एंथनी आर्मस्ट्रांग जोन्स का विवाह। लंदन के वेस्टमिन्स्टर एबे में संपन्न इस विवाह समारोह को करीब दो करोड़ लोगों ने टेलीविजन पर देखा।

1976 - उत्तर पूर्वी इटली में 6.5 तीव्रता के भीषण भूकंप से कम से कम 1000 लोगों की मौत। भूकंप इतना व्यापक था कि इसके झटके पोलैंड तक महसूस किए गए।

1985 - द्वितीय विश्वयुद्ध में बैली पुलों के आविष्कारकर्ता सर डोनाल्ड बैली का इंग्लैंड में निधन।

1997 - फ्रांस की क्रिस्टिन जेनिन ध्रुव पर पैदल पहुंचने वाली विश्व की प्रथम महिला बनी।

2004 - चीन ने सिक्किम को भारत का अंग माना।

2005 - संयुक्त राष्ट्र ने लश्कर-ए-तैयबा को आतंकवादी संगठन की सूची में डाला।

2006 - टाइटेनिक के डूबने की घटना की आखिरी चश्मदीद गवाह अमेरिकी नागरिक लिलियन एस्प्लंट का निधन। दुनिया की सबसे बड़ी खुफिया एजेंसी सीआईए के निदेशक पोर्टर ग्रास ने अपने पद से इस्तीफ़ा दिया।

2007 - फ्रांस के राष्ट्रपति चुनाव में निकोलस सार्कोजी जीते।

2008 - बांग्लादेश में एंटी करप्शन ब्यूरो ने पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा जिया के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के मामले में पहली बार आरोप पत्र दाखिल किया।

2010 - सर्वोच्च न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश केजी बालाकृष्णन की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संवैधानिक पीठ ने सांसदों को मिलने वाली स्थानीय क्षेत्र विकास निधि की संवैधानिक वैधता को यह कहकर बरकरार रखा कि संसद के पास इसके तहत कोष आवंटित करने की वैध शक्तियां हैं। इस योजना के तहत सांसदों को उनके निर्वाचन क्षेत्रों के विकास के लिए दो करोड़ रुपए सालाना मिलते हैं।

2010 - मुंबई में हुए 26/11 हमले के दोषी अजमल आमिर कसाब को मौत की सज़ा सुनाई गई।

2010 - संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में 195 महिलाओं सहित कुल 875 उम्मीदवार सफल हुए। जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा के रहने वाले चिकित्सक शाह फैसल ने इसमें सर्वोच्च स्थान हासिल किया।

2020 - देश में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या 1,694 हो गई, जबकि संक्रमण के मामले बढ़ कर 49,391 हो गये।

जन्म

1861 - मोतीलाल नेहरू- स्वतंत्रता सेनानी और राजनीतिज्ञ।

1925 - रहमान राही - कश्मीरी कवि, अनुवादक और आलोचक।

1937 - सम पिरोज भरुचा - भारत के भूतपूर्व 30वें मुख्य न्यायाधीश थे।

1942 - लल थनहवला- प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ एवं मिज़ोरम के तीसरे मुख्यमंत्री।

1964 - खजान सिंह - भारत के प्रसिद्ध तैराकों में से एक।

1972 - आबिद खान - भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों में से एक थे, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

1983 - गगन नारंग - भारतीय राइफल निशानेबाज हैं।

निधन

1946 - भूलाभाई देसाई - प्रख्यात विधिवेत्ता, प्रमुख संसदीय नेता तथा महात्मा गांधी के विश्वस्त सहयोगी थे।

1973 - शिव कुमार बटालवी - पंजाबी भाषा के विख्यात कवि थे।

1976 - कोका सुब्बा राव - भारत के आठवें मुख्य न्यायाधीश थे।

2005 - श्याम लाल यादव - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ थे।

2010- गोविंद मुनीस - भोजपुरी फिल्म निर्देशक (नदिया के पार)

2021 - अजीत सिंह - भारतीय राजनीतिज्ञ और राजनीति के प्रमुख राष्ट्रीय नेता थे।

महत्वपूर्ण अवसर

विश्व हास्य दिवस

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story