इतिहास के पन्नों में 05 नवंबर : मंगलयान के प्रक्षेपण से भारत ने अंतरिक्ष इतिहास में रचा नया अध्याय

WhatsApp Channel Join Now
इतिहास के पन्नों में 05 नवंबर : मंगलयान के प्रक्षेपण से भारत ने अंतरिक्ष इतिहास में रचा नया अध्याय


इतिहास के पन्नों में 05 नवंबर : मंगलयान के प्रक्षेपण से भारत ने अंतरिक्ष इतिहास में रचा नया अध्याय


पांच नवंबर 2013 का दिन भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज है। इसी दिन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने पहले मंगल मिशन ‘मंगलयान’ को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में रवाना किया था। इस अभियान के साथ भारत ने अंतरग्रहीय अन्वेषण के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

मंगलयान को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से पीएसएलवी-सी25 रॉकेट के जरिए प्रक्षेपित किया गया था। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस मिशन ने सीमित संसाधनों में जटिल अंतरिक्ष अभियान को अंजाम देने की भारत की क्षमता का परिचय दिया।

इस मिशन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि भारत पहले ही प्रयास में मंगल की कक्षा तक पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बना। साथ ही, मंगल की कक्षा में यान स्थापित करने वाला भारत एशिया का पहला देश भी बना। इससे पहले अमेरिका, रूस और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी मंगल की कक्षा में अपने यान भेजने में सफल रहे थे।

लगभग दस महीने की यात्रा पूरी करने के बाद मंगलयान 24 सितंबर 2014 को मंगल की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित हो गया। इस मिशन ने मंगल ग्रह के वातावरण और सतह से जुड़ी जानकारियां जुटाने के साथ भारत की अंतरिक्ष तकनीक और वैज्ञानिक क्षमता को वैश्विक पहचान दिलाई।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1556 - पानीपत के दूसरे युद्ध में मुगल शासक अकबर ने हेमू को हराया।

1605 - गाइ फॉक्स और उनके साथियों ने ब्रिटिश संसद को उड़ाने का प्रयास किया, जिसे गनपाउडर प्लॉट के नाम से जाना जाता है। इस घटना की याद में हर साल 5 नवंबर को गाइ फॉक्स दिवस मनाया जाता है।

1630 - स्पेन और इंग्लैंड के बीच शांति समझौते पर हस्ताक्षर।

1639 - मैसाच्युसेट्स में पहले डाकघर की स्थापना।

1678 - जर्मनी की विशेष सेना ब्रैंडनबर्गर्स ने स्वीडन में ग्रीफ्सवाल्ड शहर पर कब्जा जमाया।

1725 - स्पेन और आस्ट्रिया ने गुप्त समझौते पर हस्ताक्षर किए।

1811 - स्पेन के खिलाफ मध्य अमेरिकी देश अल सल्वाडोर का प्रथम स्वतंत्रता संघर्ष।

1854 - क्रीमिया के युद्ध में ब्रिटिश और फ्रांस की संयुक्त सेना ने इकेरमान में रूसी सेना को पराजित किया।

1872 - उल्येसेस एस ग्रांट अमेरिका के दूसरी बार राष्ट्रपति निर्वाचित।

1895 - ऑटो मोबाइल के लिए जॉर्ज बी सेल्डम को अमेरिका का पहला पेटेंट मिला।

1914 - इंग्लैंड एवं फ्रांस की तुर्किये के विरुद्ध युद्ध की घोषणा।

1920 - 'इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी' की स्थापना।

1930 - अमेरिका के महान साहित्यकार सिन्क्लेयर लेविस को उनकी कृति ‘बाबित्त’ के लिए साहित्य का नोबल पुरस्कार मिला।

1940 - फ्रेंकलिन डी रूजवेल्ट अभूतपूर्व रूप से तीसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए।

1951 - नावेदा में अमेरिका ने परमाणु परीक्षण किया।

1956 - मिस्र और इजराइल की सेनाओं के बीच स्वेज नहर के आसपास संघर्ष के दौरान ब्रिटेन और फ्रांस की सेनाएं मिस्र पहुंचीं।

1961 - भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने न्यूयार्क की यात्रा की।

1976 - सोवियत संघ ने परमाणु परीक्षण किया।

1985 - 24 वर्ष तक शासन करने के बाद तंजानिया के राष्ट्रपति जूलियस न्येरेरे का इस्तीफा।

1989 - मीरा साहिब फातिमा बीबी भारत के उच्चतम न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश बनीं।

1994 - जार्ज फोरमैन ने माइकल मूर को हराकर 45 वर्ष की आयु में विश्व हेवीवेट चैंपियन का खिताब जीता।

1995 - इजराइल के प्रधानमंत्री यित्जाक रॉबिन की गोली मारकर हत्या।

1996 - पाकिस्तान के राष्ट्रपति फारूख अहमद खान ने बेनजीर भुट्टो की सरकार को हटा कर पाक नेशनल असेंबली भंग की।

1999 - वेस्टइंडीज के महानतम तेज गेंदबाज मैल्कम मार्शल का निधन।

2001 - भारत तथा रूस ने अफगान सरकार में तालिबान की भागीदारी नामंजूर की।

2002 - ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खुमैनी ने जेल में बंद देश के शीर्ष असंतुष्ट नेता अब्दुल्ला नूरी को आम माफी दी।

2004 - गाजा पट्टी और पश्चिमी तट की चार बस्तियों को खाली करने संबंधी प्रधानमंत्री एरियल शैरोन की योजना को इजराइली संसद ने मंजूरी दी।

2006 - इराक के उच्चाधिकार न्यायाधिकरण ने देश के अपदस्थ राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी पाते हुए फांसी की सजा सुनाई।

2007 - चीन का पहला अंतरिक्ष यान चेंज-1 चंद्रमा की कक्षा में पहुंचा।

2012 - सीरिया में आत्मघाती बम विस्फोट में 50 सैनिक मरे।

2013- भारत ने अपने पहले मंगल ग्रह परिक्रमा अभियान (एमओएम) के लिए ध्रुवीय रॉकेट को 50 नवंबर, 2013 को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करके इतिहास रच दिया।

जन्म

1870 - चित्तरंजन दास - महान् स्वतंत्रता सेनानी।

1917 - बनारसी दास गुप्ता - हरियाणा के भूतपूर्व मुख्यमंत्री तथा स्वतंत्रता सेनानी।

1921 - उदयराज सिंह - हिन्दी के प्रसिद्ध साहित्यकार।

1930 - अर्जुन सिंह - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ।

1938 - सुहास पांडुरंग सुखात्मे - भारतीय वैज्ञानिक, शिक्षक, लेखक और भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष।

निधन

1915 - फिरोजशाह मेहता - भारतीय राजनेता तथा बंबई नगरपालिका के संविधान (चार्टर) निर्माता।

1950 - फैयाज खां - ध्रुपद तथा खयाल गायन शैली के श्रेष्ठतम गायक।

1982 - विजयदेव नारायण साही - प्रसिद्ध कवि एवं आलोचक।

1998 - नागार्जुन - प्रगतिवादी विचारधारा के लेखक और कवि।

1999 - मैल्कम मार्शल - वेस्टइंडीज के महानतम गेंदबाज।

2008 - बी. आर. चोपड़ा - हिन्दी फिल्म निर्माता-निर्देशक।

2011 - भूपेन हजारिका - भारत के ऐसे विलक्षण कलाकार, जो अपने गीत खुद लिखते, संगीतबद्ध करते और गाते थे।

2013 - परमानन्द श्रीवास्तव - हिन्दी के शीर्ष आलोचक और प्रतिष्ठित साहित्यकार।

2022 - श्याम सरन नेगी - हिमाचल प्रदेश के एक शिक्षक थे जो देश के पहले मतदाता के रूप में जाने जाते थे।

2024 - शारदा सिन्हा - बिहार की मशहूर गायिका।

महत्वपूर्ण अवसर

- अंतरराष्ट्रीय रेड क्रास दिवस (सप्ताह)।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771997 Articles

Share this story