इतिहास के पन्नों में 05 अप्रैलः नारीवादी समाज सुधारक पंडिता रमाबाई का निधन
प्रख्यात भारतीय विदुषी, नारीवादी और समाज सुधारक पंडिता रमाबाई का 5 अप्रैल 1922 को निधन हो गया। 23 अप्रैल 1858 को महाराष्ट्र में जन्मीं रमाबाई ने 19वीं सदी में महिला शिक्षा और विधवाओं के उत्थान के लिए क्रांतिकारी कार्य किया।
उन्होंने महिला शिक्षा और बाल विवाह के विरोध के लिए पुणे में आर्य महिला समाज (1882) की स्थापना की। विधवा, विशेषकर बाल विधवाओं के लिए शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण हेतु मुंबई (बाद में पुणे) आवासीय विद्यालय शारदा सदन (1889) की स्थापना की। केडगाँव में अनाथों, बेसहारा महिलाओं और विधवाओं के लिए बड़ा शरणस्थल मुक्ति मिशन (1898) की स्थापना की। उनका पूरा जीवन पारंपरिक रूढ़ियों को तोड़कर भारतीय महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए समर्पित था।
1883 में चिकित्सा का अध्ययन करने इंग्लैंड गईं और 1886 में अमेरिका का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ईसाई धर्म अपना लिया। वे वेदों व शास्त्रों में निपुणता के कारण 'पंडिता' व 'सरस्वती' उपाधि पाने वाली पहली भारतीय महिला थीं। साल 1919 में ब्रिटिश सरकार ने उन्हें 'कैसर-ए-हिंद' पदक से सम्मानित किया।
अन्य अहम घटनाएंः
1975 - सऊदी अरब के राजा फ़ैजल की हत्या।
1999 - इराक में वियाग्रा पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा।
-मलेशिया में 'हेन्ड्रा' नामक वायरस से बचाव के लिए 8 लाख 30 हजार सूअरों को सामूहिक रूप से मार डाला गया।
2001 - जासूसी विमान प्रकरण में संयुक्त राज्य अमेरिका ने घुटने टेके, चीन के समक्ष खेद प्रकट किया।
2002 - भारत, म्यांमार व थाइलैंड के बीच मोरे-कलावा-मांडले सड़क परियोजना पूरी करने के लिए सहमति।
2003 - अमेरिकी संसद में पाकिस्तान की आर्थिक मदद में कटौती का प्रस्ताव पेश।
2006 - सिंगापुर में 45 भारतीयों को आव्रजन अपराधों में गिरफ़्तार किया गया।
2007 - ईरान ने 15 ब्रिटिश नौसैनिकों को रिहा किया।
2008 -पार्वती ओमनाकुट्टन फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड बनी।
-इराक में हुए आत्मघाती हमले में 9 लोग मारे गए।
-अफ़ग़ानिस्तान में भारतीय सीरियलों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा।
2010 -नक्सलियों द्वारा किए गए अब तक के सबसे भीषण हमले में दंतेबाड़ा में सीआरपीएफ के 73 जवानों की मौत।
जन्म
1479 - गुरु अमरदास - सिक्खों के तीसरे गुरु।
1908 - जगजीवन राम- राजनेता, सामाजिक कार्यकर्ता, सांसद और कैबिनेट मंत्री के रूप में देश की सेवा की।
1920 - रफ़ीक़ ज़करिया- राजनेता।
1923 - मो. उस्मान आरिफ़ - उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व राज्यपाल तथा केन्द्रीय निर्माण एवं आवास मंत्रालय में उपमंत्री थे।
1933 - दिवाकर शर्मा - संस्कृत, हिंदी तथा राजस्थानी भाषाओं के विद्वान थे।
1938 - हुकुम सिंह - भारतीय राजनीतिज्ञ तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री थे।
1939 - के. रहमान ख़ान - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ थे।
1967 - अनु गर्ग- भारत-अमेरिकी लेखक और वक्ता।
1992 - अतानु दास - भारतीय तीरंदाज जिन्होंने अपने तीरंदाजी कॅरियर की शुरुआत साल 2008 में की थी।
निधन
1993 - दिव्या भारती- अभिनेत्री।
1989- पन्नालाल पटेल- गुजराती भाषा के जाने-माने साहित्यकार।
1940 - सी. एफ़. एंड्रयूज - एक ईसाई मिशनरी, शिक्षाविद् एवं गाँधीजी के सहायक थे।
1922 - पंडिता रमाबाई - प्रख्यात भारतीय विदुषी महिला और समाज सुधारक।
महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
समता दिवस (जगजीवन राम का जन्म दिवस)
राष्ट्रीय सामुदायिक दिवस
नेशनल मेरीटाइम दिवस।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

