इतिहास के पन्नों में 04 मार्च : आईएनएस विक्रांत से बदली भारत की समुद्री ताकत
04 मार्च भारतीय नौसेना के इतिहास का गौरवपूर्ण दिन है। इसी दिन वर्ष 1961 में भारत को उसका पहला विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत सेवा में मिला। भारत ने इसे 1957 में ब्रिटेन की रॉयल नेवी से अधूरे निर्माण की स्थिति में खरीदा था। बाद में इसका निर्माण और आधुनिकीकरण पूरा कर इसे नौसेना में शामिल किया गया।
विक्रांत के शामिल होने से भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया, जिनके पास विमानवाहक पोत की क्षमता थी। इससे हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक स्थिति मजबूत हुई और समुद्र में हवाई शक्ति के प्रदर्शन की क्षमता बढ़ी।
1971 के भारत-पाक युद्ध में विक्रांत ने निर्णायक भूमिका निभाई। इसके विमानों ने पूर्वी मोर्चे पर पाकिस्तानी ठिकानों और बंदरगाहों को निशाना बनाकर उनकी आपूर्ति व्यवस्था को बाधित किया। इस कार्रवाई से पाकिस्तान पर भारी दबाव बना और भारत को महत्वपूर्ण बढ़त मिली।
आईएनएस विक्रांत ने भारतीय नौसेना को नई पहचान दी और देश की समुद्री सुरक्षा को सशक्त बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया।
महत्वपूर्ण घटनाक्रम
1788 - कलकत्ता गजट का प्रकाशन शुरू। आज इसे गजट ऑफ गवर्नमेंट ऑफ वेस्ट बंगाल के नाम से जाना जाता है।
1858 - ब्रिटिश अधिकारी जे पी वॉकर तकरीबन 200 कैदियों को लेकर कलकत्ता से अंडमान और निकोबार के लिए रवाना। इन लोगों में ज्यादातर 1857 के विद्रोह के आरोपी थे।
1879 - लड़कियों को उच्च शिक्षा देने के लिए कलकत्ता में बेथुन कॉलेज की स्थापना। यह ब्रिटेन से बाहर पहला महिला कॉलेज था।
1921 - असहयोग आंदोलन में इस दिन ननकाना के एक गुरुद्वारे, जहां पर शान्तिपूर्ण ढंग से सभा का संचालन किया जा रहा था, पर सैनिकों के द्वारा गोली चलाने के कारण 70 लोगों की जानें गई।
1931 - ब्रिटिश वायसराय, गवरनोर-जनरल एडवर्ड फ्रेदेरिक्क लिन्द्ले वुड और मोहनदास करमचंद गांधी जी (महात्मा गांधी) में भेंट राजनीतिक कैदियों की रिहाई और नमक के सर्वजन उपयोग की छूट को लेकर मंत्रणा और इकरारनामे की घोषणा।
1933 - फ्रेंकलिन डी रूजवेल्ट ने अमेरिका के 32वें राष्ट्रपति के तौर पर पदभार संभाला।
1951 - नई दिल्ली में पहले एशियाई खेलों का आयोजन।
1961 - भारत के पहले विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रांत ने सेना के लिए अपनी सेवाएं देना शुरू किया।
1975 - मूक सिनेमा के बेहतरीन अभिनेता चार्ली चैपलिन को 85 वर्ष की आयु में नाइट की उपाधि प्रदान की गई।
1980 - जिम्बाब्वे के राष्ट्रवादी नेता रॉबर्ट मुगाबे के चुनाव में भारी जीत हासिल करने के बाद वह जिम्बाब्वे के प्रथम अश्वेत प्रधानमंत्री बने।
1998 - भारत के प्रकाश शाह सं.रा. महासचिव द्वारा बगदाद में विशेष प्रतिनिधि नियुक्त।
1999 - संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों को अपनी परित्यक्ता पतनी एवं बच्चों को जीवन निर्वाह भत्ता देने की घोषणा।
2001 - तालिबान ने मूर्तियों को खरीदने की ईरान की पेशकश ठुकराई।
2002 - राष्ट्रमंडल में जिम्बाब्वे के खिलाफ प्रस्ताव नामंजूर, अफ़ग़ानिस्तान में भूस्खलन से 150 मरे।
2003 - नाइजीरिया के कब्बी राज्य में एक नौका के नाइजर नदी में डूब जाने से 80 व्यक्ति मारे गये।
2008 - तेलंगाना राज्य के गठन में हो रही देरी से नाराज तेलंगाना राष्ट्र समिति (टी.आर.एस) के विधायकों ने आन्ध्र प्रदेश विधानमण्डल की सदस्यता से इस्तीफा दिया।
2008 - हिन्दी के प्रसिद्ध विद्वान् डॉ मदन लाल मधु को प्रतिष्ठित सम्मान मीडिया यूनियन ने स्वर्णाक्षर पुरस्कार से सम्मानित किया।
2008 - संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने ईरान के ख़िलाफ़ नई पाबंदियां लागू की।
2009 - रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने प्रमुख ब्याज दरों में आधा प्रतिशत की कटौती की घोषणा की।
2009 - पटना उच्च न्यायालय के चन्दमौली कुमार प्रसाद को इलाहाबाद उच्च न्यायालय व कर्नाटक उच्च न्यायालय को न्यायधीश दीपक वर्मा को राजस्थान उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायधीश बनाया गया है।
2009 - राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने नवीन चावला के मुख्यचुनाव आयुक्त पद पर नियुक्ति को मंज़ूरी दी।
2009 - राजस्थान के पोखरन से ब्रह्मोस मिसाइल के नये संस्करण का परीक्षण किया गया।
जन्म
1856 - तोरु दत्त - अंग्रेज़ी भाषा की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभासम्पन्न कवयित्री।
1881 - रामनरेश त्रिपाठी- प्राक्छायावादी युग के महत्त्वपूर्ण कवि।
1883 - दरबान सिंह नेगी - प्रथम विश्व युद्ध के दौरान उन चंद भारतीय सैनिकों में से एक थे, जिन्हें ब्रिटिश राज का सबसे बड़ा युद्ध पुरस्कार विक्टोरिया क्रॉस मिला था।
1886 - बलुसु संबमूर्ति- मद्रास के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी।
1921 - फणीश्वरनाथ रेणु- सुुप्रसिद्ध साहित्यकार।
1922 - दीना पाठक- रंगमंच और फ़िल्म की प्रसिद्ध अभिनेत्री।
1923 - दीवान सिंह दानू - 'महावीर चक्र' से सम्मानित भारतीय सैनिक थे।
1929 - कोमल कोठारी - राजस्थान के ऐसे व्यक्ति, जो राजस्थानी लोक गीतों व कथाओं आदि के संकलन एवं शोध हेतु समर्पित थे।
1930 - वीरेंद्र कुमार सकलेचा - मध्य प्रदेश के भूतपूर्व 10वें मुख्यमंत्री थे।
1941 - प्रमोद काले - भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक हैं।
1980 - रोहन बोपन्ना- भारतीय टेनिस खिलाड़ी।
1980 - कामालिनी मुखर्जी- भारतीय फ़िल्म अभिनेत्री।
1996 - कमलप्रीत कौर - भारतीय डिस्कस थ्रोअर महिला खिलाड़ी हैं।
2003 - गायत्री गोपीचंद - भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।
निधन
1899 - ठाकुर जगमोहन सिंह - मध्य प्रदेश स्थित विजयराघवगढ़ के राजकुमार और प्रसिद्ध साहित्यकार।
1928 - सत्येन्द्र प्रसन्न सिन्हा - प्रसिद्ध भारतीय अधिवक्ता और राजनेता।
1939 - लाला हरदयाल - भारत के प्रसिद्ध क्रांतिकारी और 'गदर पार्टी' के संस्थापक।
2002 - के. वी. रघुनाथ रेड्डी - भारतीय राजनीतिज्ञ थे।
2009 - अजीत राम वर्मा - पद्म भूषण से सम्मानित भारतीय वैज्ञानिक थे।
2011 - अर्जुन सिंह - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ राजनीतिज्ञों में से एक थे।
2016 - पी. ए. संगमा - भारत के राजनीतिज्ञों में से एक थे।
2022 - शेन वॉर्न - ऑस्ट्रेलिया के ख्याति प्राप्त क्रिकेट खिलाड़ी थे।
महत्वपूर्ण दिवस
राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस (औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा)
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

