इतिहास के पन्नों में 04 अगस्त : एशिया के पहले परमाणु अनुसंधान रिएक्टर 'अप्सरा' की हुई शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
इतिहास के पन्नों में 04 अगस्त : एशिया के पहले परमाणु अनुसंधान रिएक्टर 'अप्सरा' की हुई शुरुआत


भारतीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के इतिहास में 04 अगस्त 1956 एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज है। इसी दिन भारत का पहला परमाणु अनुसंधान रिएक्टर 'अप्सरा' शुरू हुआ था। इसके साथ ही भारत न केवल परमाणु अनुसंधान के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा, बल्कि एशिया का पहला परमाणु अनुसंधान रिएक्टर स्थापित करने वाला देश भी बना।

भारत के परमाणु कार्यक्रम के जनक डॉ होमी जहांगीर भाभा ने जनवरी 1954 में एटॉमिक एनर्जी इस्टैब्लिशमेंट, ट्रॉम्बे (एईईटी) की स्थापना की थी। उनका उद्देश्य देश में परमाणु ऊर्जा अनुसंधान को नई दिशा देना था। इसके लिए देशभर के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को एक मंच पर लाकर अनुसंधान रिएक्टर विकसित करने की योजना बनाई गई।

15 मार्च 1955 को भारत के पहले अनुसंधान रिएक्टर के निर्माण का औपचारिक निर्णय लिया गया। डॉ भाभा के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने एक ऐसे 'स्विमिंग पूल प्रकार' के रिएक्टर की परिकल्पना की, जिसकी क्षमता 01 मेगावाट थर्मल निर्धारित की गई।

रिएक्टर के निर्माण का कार्य ट्रॉम्बे स्थित वर्तमान भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) परिसर में शुरू हुआ। यह महाराष्ट्र के मुंबई में है। निर्माण के दौरान सबसे बड़ी चुनौती परमाणु ईंधन की उपलब्धता थी। इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए भारत और ब्रिटेन के बीच समझौता हुआ, जिसके तहत ब्रिटेन ने रिएक्टर के लिए आवश्यक संवर्धित यूरेनियम उपलब्ध कराया।

भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की अथक मेहनत से महज 15 महीनों में रिएक्टर का निर्माण पूरा हो गया। इसके बाद 04 अगस्त 1956 को 'अप्सरा' का सफलतापूर्वक संचालन शुरू हुआ। यह उपलब्धि भारत के वैज्ञानिक विकास और तकनीकी क्षमता का प्रतीक बनी।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1666 - नीदरलैंड और इंग्लैंड के बीच नौसैनिक युद्ध हुआ।

1870 - ब्रिटिश रेड क्रॉस सोसाइटी की स्थापना हुई।

1886 - कोलंबिया ने संविधान अंगीकार किया।

1914 - इंग्लैंड द्वारा जर्मनी के विरुद्ध युद्ध की घोषणा।

1915 - जर्मन सेना ने वारसॉ पर कब्जा किया।

1930 - यूरोपीय देश बेल्जियम में आज ही के दिन बाल मजदूर कानून बनाया गया था।

1935 - गवर्नमेंट ऑफ इंडिया ऐक्ट 1935 को ब्रिटिश राजशाही की मंजूरी मिली।

1947 - जापान में सुप्रीम कोर्ट की स्थापना हुई थी।

1954 - पाकिस्तान सरकार ने हाफिज जलंधरी द्वारा लिखे गीत को राष्ट्रगान के रूप में अपनाने पर सहमति दी।

1956 - भारत ने अपना पहला परमाणु अनुसंधान रिएक्टर अप्सरा शुरू किया था।

1967 - भारत में दुनिया का सबसे लंबा नागार्जुन सागर बांध बना।

1967 - अमेरिका ने नेवादा में परमाणु परीक्षण किया।

1997 - मो. ख़ातमी द्वारा ईरान के नये राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण।

1999 - चीन ने अमेरिकी सेना के विमानों की नियमित उड़ानों को हांगकांग में उतरने की अनुमति देने से इंकार किया।

2001 - रूस व उत्तरी कोरिया में सामरिक समझौता।

2004 - 'नासा' ने एल्टिक्स सुपर कम्प्यूटर केसी को कल्पना चावना नाम दिया।

2007 - मंगल ग्रह की खोज के लिए फ़ीनिक्स मार्स लैंडर नामक एक अमेरिकी अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण किया गया।

2008 - सरकार ने भारतीय जहाजरानी निगम (एससीआई) को नवरत्न का दर्जा प्रदान किया।

जन्म

1522 ई. - राणा उदयसिंह - मेवाड़ के शासक और महाराणा प्रताप के पिता।

1730 - सदाशिवराव भाऊ - भारतीय इतिहास में प्रसिद्ध एक मराठा वीर थे।

1845 - फ़िरोजशाह मेहता - भारतीय राजनेता तथा बंबई नगरपालिका के संविधान (चार्टर) के निर्माता।

1906 - यशवंत सिंह परमार - भारत के राजनेता और एक स्वतंत्रता-संग्राम सेनानी थे।

1924 - इन्दु प्रकाश पाण्डेय - साहित्यकार।

1929 - किशोर कुमार - भारतीय गायक और अभिनेता।

1931 - नरेन तमहाने - भारतीय क्रिकेटर।

1950 - एन. रंगास्वामी - तीन बार पुदुचेरी के मुख्यमंत्री रहे हैं।

1961 - बराक ओबामा - अमेरिका के प्रथम अश्वेत एवं 44वें राष्ट्रपति रहे हैं।

1971 - महेन्द्र भट्ट - भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिज्ञ हैं।

निधन

1875 - हैंस क्रिश्चियन एंडरसन - डेनमार्क के लेखक और कवि।

1937 - काशी प्रसाद जायसवाल - भारत के प्रसिद्ध इतिहासकार एवं पुरातत्त्व के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान।

1981 - परशुराम मिश्रा - भारत के प्रसिद्ध वनस्पतिशास्त्री और शिक्षाविद थे।

2006 - नंदिनी सत्पथी - उड़ीसा की महिला मुख्यमंत्री तथा लेखिका।

2020 - इब्राहिम अल्काजी - भारतीय रंगमंच के प्रसिद्ध निदेशक और नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा के पूर्व निदेशक थे।

2025 - शिबु सोरेन - भारतीय राजनीतिज्ञ थे। वह झारखण्ड के तीसरे मुख्यमंत्री रहे थे।

महत्वपूर्ण अवसर

- विश्व स्तनपान दिवस (सप्ताह)।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story