सीएससी की बैठक में भारत सहित चार देशों ने 2026-27 के सहयोग का रोडमैप अपनाया

WhatsApp Channel Join Now
सीएससी की बैठक में भारत सहित चार देशों ने 2026-27 के सहयोग का रोडमैप अपनाया


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (सीएससी) की आठवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) स्तर की बैठक में भारत सहित चार सदस्य देशों ने वर्ष 2026-27 के लिए सहयोग का रोडमैप अपनाया है। इसमें समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबला, साइबर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन सहित पांच प्रमुख क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है।

मालदीव की मेजबानी में 25 नवंबर को विला नौटिका पैराडाइज आइलैंड में आयोजित इस बैठक में भारत, मालदीव, श्रीलंका और बांग्लादेश के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों ने हिस्सा लिया। मॉरीशस ने बैठक में वर्चुअल माध्यम से भागीदारी की।

बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने किया। मालदीव के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार इब्राहिम लतीफ, श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय के सचिव एयर वाइस मार्शल संपत थुयाकोंथा और बांग्लादेश के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एमडी फैजुर रहमान ने अपने-अपने देशों के प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व किया।

ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया ने अतिथि देशों के रूप में बैठक में हिस्सा लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से विदेश मामलों एवं व्यापार विभाग में दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया समूह की प्रथम सहायक सचिव सारा स्टोरी तथा मलेशिया की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में समुद्री सुरक्षा एवं संप्रभुता प्रभाग के निदेशक खैरुल अजहर (निक) बिन अबू बकर शामिल हुए।

बैठक के दौरान कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव के पहले महासचिव वाइस एडमिरल एसएन घोरमाडे (सेवानिवृत्त) ने पिछले वर्ष 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित सातवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बैठक में लिए गए निर्णयों को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की।

बैठक में मालदीव, भारत, मॉरीशस (वर्चुअल रूप से) और श्रीलंका सहित सीएससी के सदस्य देशों ने सहमति कार्यवृत्त पर हस्ताक्षर किए और 2026-27 के लिए सहयोग का रोडमैप अपनाया। इस रोडमैप में पांच प्रमुख क्षेत्रों के तहत किए जाने वाले कार्यों और प्रस्तावित गतिविधियों का ब्योरा दिया गया है।

सहयोग के इन पांच प्रमुख क्षेत्रों में समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और कट्टरपंथ से मुकाबला, तस्करी तथा अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराधों की रोकथाम, साइबर सुरक्षा एवं महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी की सुरक्षा तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत शामिल हैं।

सदस्य देशों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर आपसी सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने प्रशिक्षण, एक-दूसरे के अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने तथा क्षमता निर्माण से जुड़ी पहलों के माध्यम से सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में इस बात पर भी सहमति जताई गई कि हिंद महासागर क्षेत्र में उभरती सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए सदस्य देशों के बीच सामूहिक प्रयासों को लगातार आगे बढ़ाना जरूरी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story