दिल्ली की मुख्यमंत्री ने श्रीलंका की महिला सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने श्रीलंका की महिला सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का किया स्वागत


नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को श्रीलंका की महिला सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का दिल्ली सचिवालय में स्वागत किया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व श्रीलंका की महिला और बाल कल्याण मंत्री सरोजा सावित्री पॉलराज कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि श्रीलंका के लोकतांत्रिक सफर में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी एक उत्साहजनक सामाजिक परिवर्तन को दर्शाती है। भारत और श्रीलंका गहरे सभ्यतागत बंधनों, लोकतांत्रिक मूल्यों और अटूट जन-संबंधों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत महिला के नेतृत्व विकास की परिकल्पना के साथ आगे बढ़ रहा है, जहां नारी शक्ति राष्ट्रीय प्रगति की एक प्रमुख शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीलंका की महिला सांसदों का दौरा भारत और श्रीलंका के बीच मित्रता को और मजबूत करेगा और महिला नेतृत्व के माध्यम से गहन सहयोग को प्रेरित करेगा।

दिसंबर 2024 में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हुई उनकी चर्चाओं के बाद श्रीलंका की महिला सांसदों के समूह की भारत यात्रा हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story