डॉ हेडगेवार जी के जीवन, त्याग, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री
- पटना में आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर महानाट्य 'युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार' का मंचन, सीएम सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ
पटना, 23 अक्टूबर (हि.स.)।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार देर शाम सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित बापू सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर नादब्रह्म संस्था, नागपुर द्वारा निर्मित भव्य महानाट्य 'संघ सृजन का आविष्कार : युगप्रवर्तक डॉ हेडगेवार' के मंचन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हेडगेवार जी के जीवन, त्याग, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए ऐतिहासिक है। डॉ हेडगेवार जी के जीवन पर आधारित इस महानाट्य के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, त्याग, अनुशासन और समाज सेवा जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि डॉ हेडगेवार जी एक स्वतंत्रता सेनानी, विचारक और कुशल संगठनकर्ता थे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ हेडगेवार जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कर संगठन और राष्ट्रसेवा की एक ऐसी परंपरा विकसित की, जो आगे चलकर देशभर में विस्तारित हुई। संघ की शाखाओं के माध्यम से इससे जुड़े लोग राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत को समृद्ध, उन्नत और विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डॉ हेडगेवार जी के जीवन, संघर्ष, विचारों और संकल्प को समझने के लिए यह महानाट्य एक महत्वपूर्ण माध्यम है। बिहार में दो करोड़ से अधिक युवा हैं। नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी को डॉ हेडगेवार जी के जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और उनके विचारों से अवगत कराना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महानाट्य का मंचन केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिहार के अन्य जिलों में भी इसका आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरणा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डॉ० हेडगेवार जी के जीवन और विचारों से लोगों को परिचित कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
इस अवसर पर महानाट्य के निर्माता पद्माकर धानोरकर ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ मोहन सिंह, बिहार भाजपा संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, महानाट्य के निर्माता पद्माकर धानोरकर, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना मेडिकल कॉलेज एवं एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ राजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोग तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

