भारत और पाकिस्तान को बातचीत से मसले सुलझाने चाहिए : उमर अब्दुल्ला

WhatsApp Channel Join Now

शोपियां, 02 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान को बातचीत करके आपसी संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच शांति की वकालत करने पर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

शोपियां में पत्रकारों से बात करते हुए सीएम उमर ने कहा कि दोनों देशों के बीच तनाव कोई नई बात नहीं है और यह दशकों से चला आ रहा है और पिछले साल पहलगाम की घटना के बाद यह तनाव और बढ़ गया था। उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखे गए उस हालिया पत्र का भी ज़िक्र किया, जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच बेहतर संबंधों की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसी अपील पर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने सवाल किया कि जम्मू-कश्मीर के नेताओं की ऐसी बातों पर आलोचना क्यों होती है, जबकि वरिष्ठ आरएसएस नेताओं द्वारा बातचीत के पक्ष में दिए गए बयानों पर कोई आलोचना नहीं होती। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोस्त बदले जा सकते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं। उन्होंने कहा कि मकसद बातचीत और शांतिपूर्ण तरीके से पड़ोसी देशों के बीच बेहतर संबंध देखना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story