दिल्ली की मुख्यमंत्री ने 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 200 नई इलेक्ट्रिक बसों और दिल्ली-रोहतक अंतरराज्यीय बस सेवा को ईस्ट विनोद नगर डिपो में आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही उन्होंने मदनपुर खादर में नए बस टर्मिनल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने डीटीसी ईस्ट विनोद नगर डिपो में नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन भी किया। इस मौके दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी को हरित, स्मार्ट औऱ स्वच्छ बनाने की दिशा में सरकार लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में आज 200 नई इलेक्ट्रिक बसों की बढ़ोतरी के साथ डीटीसी प्लीट की संख्या बढ़कर लगभग 6300 बसों तक पहुंच गई है। दिल्ली में प्रदूषण-मुक्त सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए आज ईस्ट विनोद नगर डिपो से 200 नई ईवी बसों को दिल्ली की सेवा में समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मिशन मोड में दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह ईवी में परिवर्तित करने की दिशा में कार्य कर रही है। दिल्ली में ईवी बसों की संख्या 4500 से अधिक हो चुकी है और 2026 के अंत तक इसे 7000 तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली से रोहतक रूट आईएसबीटी कश्मीरी गेट और पीरागढ़ी चौक से होकर गुजरेगा, जिसमें टिकरी बॉर्डर, बहादुरगढ़, रोहद, सांपला और रोहतक बस स्टैंड जैसे प्रमुख पड़ाव शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story