केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा से मिले मुख्यमंत्री डॉ यादव, मध्य प्रदेश आने का दिया आमंत्रण

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा से मिले मुख्यमंत्री डॉ यादव, मध्य प्रदेश आने का दिया आमंत्रण


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा से मिले मुख्यमंत्री डॉ यादव, मध्य प्रदेश आने का दिया आमंत्रण


- 23 जनवरी को मप्र आएंगे नड्डा, 24 को कटनी में मेडिकल कॉलेज का करेंगे भूमि पूजन

भोपाल, 15 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार देर शाम नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा से उनके कार्यालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय मंत्री नड्डा को पुष्प-गुच्छ और शॉल ओढ़ाकर, भगवान वेंकटेश्वर तिरुपति महाराज की प्रतिकृति भेंट की। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के कारीगरों द्वारा उन्नत हस्तशिल्प से प्रतिकृति को तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा को मध्य प्रदेश आने का आमंत्रण दिया है। इसके साथ ही उनसे अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नड्डा 23 जनवरी को मध्य प्रदेश आएंगे और 24 जनवरी को कटनी में मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री नड्डा के पास रसायन और उर्वरक मंत्रालय भी है। उन्होंने मध्य प्रदेश के किसानों की समृद्धि के लिए प्रदेश में यूरिया सहित सभी प्रकार की खादों की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग दिया है। इसके लिए उनको धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष उन्होंने निरंतर सहयोग किया जिसके फलस्वरुप किसानों को खाद पहुंचाने का प्रयास किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से लगातार नए-नए मेडिकल कॉलेज खोलते हुए तेजी से आगे बढ़ रही है। इस कार्य में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने में मध्यप्रदेश देश में नम्बर वन राज्य है। शासकीय अस्पतालों को जोड़कर प्राईवेट कॉलेज को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा हे। ऐसे में हमारे दो मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा से भेंट कर उन्हें आमंत्रित किया गया। इन मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन से राज्य में 41 जिलों में मेडिकल कॉलेजों की सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story