महिला अधिकारों की विरोधी हैं विपक्षी पार्टियांः रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों को महिलाओं को अधिकार दिलाने का विरोधी बताया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के हिंदी भवन में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन शामिल हुईं। उन्होंने यहां चार सौ ज्यादा महिला उद्यमियों के साथ काला पट्टा बांधकर विपक्ष की महिला विरोधी राजनीति के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बेटियों को राष्ट्र निर्माण में सहभागिता दिलाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रस्तुत किया, लेकिन अफसोस कुछ दलों ने इस ऐतिहासिक अवसर को भी संकीर्ण राजनीति की नजर से देखा और महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने में कोई संकोच नहीं किया। संसद में जिन दलों ने महिला आरक्षण का विरोध किया, उनकी दलीलों के पीछे कोई ठोस आधार नहीं था, केवल महिला विरोधी मानसिकता स्पष्ट दिखाई दी। जिन नेताओं ने महिला आरक्षण का विरोध किया है, उनके क्षेत्र में हमारी बहनें और बेटियां उनसे जवाब मांगेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश बदल चुका है, नारी शक्ति प्रतीक्षा नहीं करेगी, अपना अधिकार लेकर रहेगी।
सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने एक्स पोस्ट में कहा कि कैट के दो दिवसीय सम्मेलन में चार सौ महिला उद्यमियों ने मुख्यमंक्षी के साथ काले पट्टे बांधकर कांग्रेस का जोरदार विरोध किया। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल रोकने वाली कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया, वो नारी शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन है। देश की बेटियां अब चुप नहीं रहेंगी और कांग्रेस की नारी-विरोधी साजिश बेनकाब हो चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

