सीजेपी का नड्डा के आवास पर जाने से इनकार, जंतर-मंतर के पास तटस्थ स्थान पर वार्ता का दिया प्रस्ताव

WhatsApp Channel Join Now
सीजेपी का नड्डा के आवास पर जाने से इनकार, जंतर-मंतर के पास तटस्थ स्थान पर वार्ता का दिया प्रस्ताव


नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर जाकर बातचीत करने से इनकार किया है। सीजेपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि बातचीत जंतर-मंतर पर अथवा इसके निकट किसी तटस्थ स्थान पर होनी चाहिए।

सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि आज सुबह पुलिस ने सीजेपी प्रतिनिधियों से संपर्क कर जानकारी दी कि केंद्रीय मंत्री नड्डा उनसे बातचीत करना चाहते हैं और इसके लिए अपने आवास पर आने का निमंत्रण दिया है, लेकिन सीजेपी ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

सौरभ दास ने कहा कि सीजेपी का कोई भी प्रतिनिधि किसी मंत्री के घर या कार्यालय नहीं जाएगा। जंतर-मंतर पर जनता दरबार लगा हुआ है और यदि सरकार बातचीत करना चाहती है तो मंत्रियों को जनता के बीच आना चाहिए। उन्होंने कहा कि वार्ता जंतर-मंतर पर ही होनी चाहिए। यदि सुरक्षा कारणों से मंत्री जंतर-मंतर आने में असमर्थ हैं, तो सीजेपी प्रदर्शन स्थल के पास किसी तटस्थ स्थान पर बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि अभी हम केंद्रीय मंत्री की ओर से जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

दास ने कहा कि सरकार की मंशा केवल औपचारिक बातचीत की नहीं, बल्कि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेने की होनी चाहिए। बिना किसी सार्थक उद्देश्य के चर्चा के लिए बुलाने का कोई औचित्य नहीं है। हजारों लोग अभी भी प्रदर्शन में शामिल हैं और सीजेपी का पूरा ध्यान आंदोलन के संचालन पर है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह वास्तव में आंदोलनकारियों से सार्थक वार्ता करना चाहती है?

उल्लेखनीय है कि संसद मार्च के दौरान 20 जुलाई को सीजेपी के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जेपी नड्डा के आवास पर जाकर उनको ज्ञापन सौंपा था। नड्डा से मिलने वालों में सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल थे। इस दौरान नड्डा ने सीजेपी से धरना समाप्त करने का आग्रह किया था।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story