सीजेपी और एआईएसए 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर करेंगे प्रदर्शन
नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और अखिल भारतीय छात्र संघ (एआईएसए) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसी मांगों को लेकर 10 अक्टूबर को यहां के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और एआईएसए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने बुधवार को प्रेस क्लब में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
सौरव दास ने कहा कि सीजेपी, सभी छात्र संगठनों और सिविल सोसाइटी संगठनों के साथ मिलकर 10 अक्टूबर को सड़कों पर उतरेगी और चुनावी व्यवस्था में सुधार होने के बाद ही वापस लौटेगी। उन्होंने कहा कि सरकार 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन के आह्वान के खिलाफ साजिश रचने के बजाय, व्यवस्था में सुधार पर बातचीत के लिए युवाओं के प्रतिनिधिमंडल को क्यों नहीं बुला सकती। उन्होंने सरकार पर विरोध प्रदर्शन को पटरी से उतारने और तनावपूर्ण एवं हिंसक माहौल बनाने का आरोप लगाया है।
सौरव ने कहा कि एक लंबे आंदोलन के लिए तैयार रहें। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे हममें से कितनों को हिरासत में लेते हैं, याद रखें कि यह लड़ाई तो लड़नी ही है, चाहे हम हों या न हों। अगर वोट देने का हमारा अधिकार सुरक्षित रहेगा, तभी हम अपने भ्रष्ट तंत्र को बदल पाएंगे।
नेहा बोरा ने कहा कि 10 अक्टूबर को होने वाला प्रदर्शन हिंदुस्तान के इतिहास में दर्ज किया जाएगा। हम अपनी आखिरी सांस तक अपने लोकतंत्र के लिए लड़ेंगे और इसे कमजोर या खत्म करने की कोशिश करने वाली हर ताकत के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

