‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ के बैनर तले 23 अक्टूबर को मार्च का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ के बैनर तले 23 अक्टूबर को मार्च का आह्वान


नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्र, वामदल और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एक समूह बनाया है। उन्होंने इसे ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ का नाम दिया है और इसके बैनर तले 23 अक्टूबर को एक राष्ट्रव्यापी मार्च का आह्वान किया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित मार्च के लिए इस समूह ने विपक्षी दलों से भी जुड़ने की अपील की है। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने इसे साझा किया है और कहा कि लोकतंत्र की बहाली और देशभर में जंतर-मंतर स्थापित करने के लिए 23 अक्टूबर को जन मार्च का आह्वान किया है।

बयान में कहा गया है कि 14 अक्टूबर को छात्र, युवा, किसान, श्रमिक, महिला, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर आदि संगठनों ने ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ के बैनर तले एक व्यापक गठबंधन बनाने के लिए बैठक की। उन्होंने लोकतंत्र की बहाली और देशभर में जंतर-मंतर स्थापित करने के लिए 23 अक्टूबर को जन मार्च का आह्वान किया है।

इनका कहना है कि भारतीय लोकतंत्र गहरे संकट में है। चुनावी प्रक्रिया को हाईजैक कर लिया गया है। मतदाता सूची में हेराफेरी की गई है। कानून से ऊपर माने जाने वाले चुनाव आयोग को मोदी-शाह की सेवा करने के लिए चुना गया है।

प्रकाश राज, परकला प्रभाकर, राकेश टिकैत, अंजली भारद्वाज और अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा हस्ताक्षरित इस अपील में युवाओं, नागरिक समाज समूहों और इंडिया ब्लॉक की पार्टियों से ‘हर हाथ में तिरंगा, हर गली में जंतर-मंतर’ के नारे के तहत तिरंगे के साथ सड़कों पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story