राजस्थान के चूरू में ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
चूरू, 24 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के चूरू जिले में ट्रक से कार की टक्कर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों और चालक की मौत हो गई। हादसे में सात माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार गोगामेड़ी में देवी के दर्शन करने जा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिवार के गांव सोमसीसर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार, चूरू जिले के तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव का एक परिवार हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी में दर्शन करने के लिए रवाना हुआ था। परिवार के सदस्य कार में सवार होकर अपनी धार्मिक यात्रा पर जा रहे थे। इसी दौरान सादुलपुर क्षेत्र में ददरेवा गांव के पास कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस दुर्घटना में कार सवार छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में सोमसीसर गांव निवासी भंवरलाल शर्मा, उनकी पत्नी महेंद्र, बहू कविता, यशोदा, कविता का पुत्र कन्हैया और ड्राइवर मांगीलाल शामिल है। हादसे में सात माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर भंवरलाल के भाई मांगीलाल मौके पर पहुंचे और परिवार की पहचान की।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस हादसे से संबंधित परिस्थितियों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

