संविधान की किताब लेकर घूमने वालों ने संसद में बाबा साहब की मूर्ति नहीं लगवाई :चिराग़ पासवान

WhatsApp Channel Join Now
संविधान की किताब लेकर घूमने वालों ने संसद में बाबा साहब की मूर्ति नहीं लगवाई :चिराग़ पासवान


रायबरेली,28 नवंबर (हि. स.)। केंद्रीय मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि संविधान की किताब लेकर घूमने वालों ने संसद भवन में डॉ.भीमराव आंबेडकर की मूर्ति नहीं लगवाई। उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने संसद भवन में बाबा साहब की मूर्ति स्थापित कराने का काम किया। संविधान की बात करने वालों ने अपनी सरकारों में सबसे ज्यादा उसका दुरुपयोग किया। चिराग़ पासवान शनिवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में आयोजित पार्टी के स्थापना दिवस व 'बहुजन-भीम संकल्प समागम' को संबोधित कर रहे थे।

जीआईसी मैदान में जनता को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पासी समाज सहित दलित समाज को केवल अपना वोट बैंक समझती हैं। दूसरे दलों ने समाज को राजनीतिक नजरिये से देखा, जबकि उनकी पार्टी ने लोगों को जोड़ने और हर वर्ग को साथ लेकर चलने का काम किया है। उनकी पार्टी पूरे प्रदेश में पासी समाज के साथ ही संपूर्ण दलित समाज के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।

इसके पहले पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि इससे हर राज्य को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन में दरार है और विपक्ष के कई घटक दल सरकार का साथ देने को तैयार हैं।

चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव को मजबूती से लड़ने की तैयारी कर रही है और विचारधारा व विजन को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के हर जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जनसभा में सांसद अरुण भारती और अन्य पार्टी नेताओं ने एनडीए के भीतर टिकट को लेकर तालमेल की बात कही। जनसभा में बड़ी संख्या में लोजपा समर्थक व कार्यकर्ता मौजूद रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story