मोहन यादव शनिवार को ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 में मप्र के विकास और निवेश संभावनाओं पर करेंगे संवाद

WhatsApp Channel Join Now
मोहन यादव शनिवार को ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 में मप्र के विकास और निवेश संभावनाओं पर करेंगे संवाद


भोपाल, 21 अगस्त (हि.स.)। नई दिल्ली में ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 में मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसर और विकास की संभावनाएं वैश्विक मंच पर प्रस्तुत की जाएंगी। शनिवार, 22 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘एमपी: अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया’ सत्र में प्रदेश की आर्थिक एवं औद्योगिक विकास यात्रा पर विचार साझा करेंगे।

जनसंपर्क अधिकारी संजय सक्सेना ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 का आयोजन 21 और 22 अगस्त को नई दिल्ली में किया जा रहा है। देश और दुनिया के प्रमुख उद्योगपतियों, नीति-निर्माताओं एवं वैश्विक विशेषज्ञों की सहभागिता वाले इस प्रतिष्ठित मंच पर मध्यप्रदेश की विकास संभावनाओं, निवेश अवसरों और औद्योगिक क्षेत्र में राज्य की नई दिशा पर विशेष चर्चा होगी। फोरम के दूसरे दिन 22 अगस्त को ‘एमपी: अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया’ विषय पर विशेष फायरसाइड चैट आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश की आर्थिक एवं औद्योगिक विकास यात्रा, निवेश की संभावनाओं तथा राज्य को देश के प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने के प्रयासों पर विचार साझा करेंगे। यह सत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष मध्यप्रदेश की संभावनाओं को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

टेक्सटाइल क्षेत्र में मध्य प्रदेश की नई संभावनाओं होगी

उन्होंने बताया कि ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम में मध्य प्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र को भी विशेष स्थान दिया गया है। 22 अगस्त को ‘वीविंग द फ्यूचर: बिल्डिंग एन इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल वैल्यू चेन इन एमपी’ विषय पर विशेष सत्र होगा। इसमें उद्योग सचिव जॉन किंग्सली, ओरिएंट क्राफ्ट के संस्थापक एवं सुधीर धींगरा तथा पीडब्लूसी इंडिया के रानेन बनर्जी सहभागिता करेंगे। इस सत्र में मध्यप्रदेश में एकीकृत टेक्सटाइल वैल्यू चेन के विकास, उद्योगों के विस्तार तथा निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और नए अवसरों पर मंथन

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि फोरम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वैश्विक पूंजी, नई अर्थव्यवस्था, ऊर्जा संक्रमण, व्यापार एवं आपूर्ति श्रृंखला, भारत-अमेरिका संबंध और वैश्विक निवेश जैसे विषयों पर भी प्रमुख सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 मध्य प्रदेश के लिए राज्य की निवेश क्षमता, औद्योगिक अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story