मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया वंदे भारत ट्रेन से पहुंचे सूरत

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया वंदे भारत ट्रेन से पहुंचे सूरत


सूरत, 24 मई (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण मध्य-पूर्व एशिया में उत्पन्न वैश्विक ईंधन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की अनावश्यक खपत रोकने और सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करने की अपील की है। प्रधानमंत्री की इस अपील को आत्मसात करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक बार फिर सादगी और ऊर्जा बचत का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल रविवार को सूरत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांधीनगर से ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन से यात्रा कर सुरत पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद रहे। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने बिना किसी विशेष वीआईपी प्रोटोकॉल के सामान्य यात्रियों की तरह आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सेवा का उपयोग किया।

दोनों नेता सूरत में श्री सौराष्ट्र पटेल सेवा समाज द्वारा निर्मित ‘जमनाबा विद्यार्थी भवन’ के लोकार्पण समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों की तरह रेल यात्रा कर जनता के सामने सादगी, ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री की इस पहल को प्रशासनिक सादगी और जिम्मेदार नेतृत्व का प्रतीक माना जा रहा है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा बचत और सार्वजनिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश देने वाली यह यात्रा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story