मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्मृति ईरानी से की मुलाकात, बस्तर के विकास मॉडल पर की चर्चा
नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव, छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से उनके आवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने स्मृति ईरानी को प्रदेश में सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। चर्चा के दौरान बस्तर के विकास और क्षेत्र में आ रहे बदलाव पर विशेष जोर रहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, रोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी पहलों की भी जानकारी साझा की। इसके साथ ही किसानों की आय बढ़ाने, कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आजीविका से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। खास तौर पर प्रदेश के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में छत्तीसगढ़ में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की प्रगति पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुलाकात को राज्य के विकास एजेंडे और संगठनात्मक स्तर पर समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

