छठ पर चंडीगढ़-बेगूसराय के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने चंडीगढ़ और बरौनी जंक्शन के बीच आरक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04538/04537 चंडीगढ़-बरौनी जंक्शन-चंडीगढ़ विशेष रेलगाड़ी का संचालन एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा। इससे छठ पर्व पर बिहार जाने और वहां से वापस लौटने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

उत्तर रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04538 चंडीगढ़-बरौनी जंक्शन विशेष रेलगाड़ी 10 नवंबर को चंडीगढ़ से रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04537 बरौनी जंक्शन-चंडीगढ़ विशेष रेलगाड़ी 12 नवंबर को बरौनी से चलेगी। इस रेलगाड़ी में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के डिब्बे उपलब्ध होंगे।

चंडीगढ़ से यह ट्रेन रात 10 बजे रवाना होकर अंबाला छावनी, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरेमनपुर, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए अगले दिन सुबह 3:30 बजे बरौनी जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में बरौनी जंक्शन से यह ट्रेन सुबह 6:30 बजे रवाना होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए अगले दिन दोपहर 1:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन के समय और अन्य जानकारी के लिए नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) की वेबसाइट देखने अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774685 Articles

Share this story