क्रिकेट युवराज के पिता व फिल्म अभिनेता योगराज के खिलाफ मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
क्रिकेट युवराज के पिता व फिल्म अभिनेता योगराज के खिलाफ मामला दर्ज


- हिंदी वेब सीरीज 'लुक्खे' में महिलाओं के खिलाफ अभद्र शब्दावली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

चंडीगढ़, 14 मई (हि.स.)। अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई को रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज 'लुक्खे' के एक एपिसोड में महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस ने गुरुवार की शाम मामला दर्ज कर लिया है। योगराज सिंह स्वयं भी क्रिकेटर रह चुके हैं और वह कई पंजाब व हिंदी फिल्मों में काम कर चुके हैं। यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही है।

जिला बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा की तरफ से यह शिकायत 12 मई को एसएसपी को भेजी गई है। उन्होंने दलील दी है कि सोशल मीडिया पर 17 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें महिलाओं के खिलाफ शर्मनाक, अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

पत्र में दूसरा तर्क है यह न केवल अपमानजनक है, बल्कि हमारी माताओं, बहनों, बेटियों और पत्नियों सहित हर महिला की गरिमा, शालीनता और सम्मान पर सीधा हमला है।

शिकायतकर्ताओं ने एसससपी से मांग की थी कि योगराज सिंह और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके बाद सेक्टर 36 के पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

इस मामले में पंजाब महिला आयोग भी सख्त हो गया है। आयोग ने पंजाब पुलिस को पत्र लिखकर सीनियर अधिकारी से जांच करवाने के लिए कहा है।

पंजाब राज्य महिला आयोग की ओर से गुरुवार को पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर चंडीगढ़ को एक पत्र भेजा गया, जिसमें लिखा है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो में महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। आयोग ने इस मामले में उचित कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट आयोग को भेजने के लिए कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story