उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्रियों ने चंद्रशेखर को जयंती पर दी श्रद्धांजलि, सादगी और सिद्धांतों की राजनीति को किया याद
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्रियों ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर आज उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को याद किया। राधाकृष्णन ने इस अवसर पर जननायक स्थल में आयोजित प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया।। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को दूरदर्शी नेता, निर्भीक सांसद और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त समर्थक बताया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि चंद्रशेखर निर्भीक और सिद्धांतनिष्ठ राजनीति के प्रतीक थे। उन्होंने जनहित और सामाजिक न्याय को अपने सार्वजनिक जीवन का केंद्र बनाया। केंद्रीय सड़क और परिवहनमंत्री नितिन गडकरी ने भी उन्हें विनम्रता पूर्वक याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। केंद्रीयमंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें सादगी, संघर्ष और सिद्धांतों की राजनीति का प्रतीक बताया।
सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर ‘युवा तुर्क’ के रूप में जाने जाते थे और उन्होंने खराब शासन के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई। उनका इंदिरा गांधी के खिलाफ विद्रोह देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। केंद्रीयमंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चंद्रशेखर साहसी और स्वाभिमानी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। इस अवसर पर नेताओं ने उनके आदर्श, साहस, सादगी और राष्ट्र सेवा के प्रति अटूट समर्पण को अपनाने का संकल्प भी दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

