चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में बनेंगे हाई-सिक्योरिटी बैरक व जोन

WhatsApp Channel Join Now
चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में बनेंगे हाई-सिक्योरिटी बैरक व जोन


चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में बनेंगे हाई-सिक्योरिटी बैरक व जोन


- खूंखार व सामान्य कैदियों को अलग-अलग बैरकों में रखा जाएगा

चंडीगढ़, 09 नवंबर (हि.स.)। चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में अब गैंगस्टरों व खूंखार अपराधियों को सामान्य कैदियों के साथ नहीं रखा जाएगा। नए जेल एक्ट के तहत ऐसे बंदियों के लिए अलग हाई-सिक्योरिटी बैरक और जोन बनाए जाएंगे। बंदियों को उनकी उम्र, लिंग, सजा की अवधि, आपराधिक इतिहास और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के आधार पर 8 कैटेगरी में बांटा जाएगा।

इनमें हाई, मीडियम और लो-रिस्क श्रेणियां शामिल होंगी। इसका मकसद गैंगस्टरों को सामान्य बंदियों को प्रभावित करने और जेल के भीतर आपराधिक नेटवर्क चलाने से रोकना है। पंजाब के बाद अब चंडीगढ़ की जेलों में भी ब्रिटिशकाल के 132 साल पुराने द प्रिजंस एक्ट 1894 और 126 साल पुराने द प्रिजनर्स एक्ट 1900 को खत्म कर दिया गया है। गृह मंत्रालय (एमएचए) ने पंजाब पुनर्गठन अधिनियम, 1966 की धारा 87 के तहत शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए पंजाब प्रिजन एंड करेक्शनल सर्विसेस एक्ट 2026 को जरूरी स्थानीय बदलावों के साथ चंडीगढ़ के लिए नोटिफाई कर दिया है। नए कानून के तहत जेलों को आधुनिक, सुरक्षित और सुधारात्मक केंद्रों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया है।

अब चंडीगढ़ की जेल में बंद कैदियों और अंडरट्रायल को दूसरे राज्यों की जेलों में भेजा जा सकेगा। इसी तरह दूसरे राज्यों की जेलों से कैदियों को चंडीगढ़ भी लाया जा सकेगा। इससे जेलों में बंदियों की संख्या और सुरक्षा जरूरतों के हिसाब से उनका प्रबंधन किया जा सकेगा। जेल परिसर और उसकी बाहरी सीमा के 500 मीटर के दायरे को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। जेलों की सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), 360 डिग्री फुल बॉडी स्कैनर, एक्स-रे स्कैनर, बॉडी-वोर्न कैमरे, सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर, वॉकी-टॉकी और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।

------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774470 Articles

Share this story