बंदी सिखों की रिहाई के लिए प्रदर्शनकारियों का चंडीगढ़ कूच, पुलिस से झड़प

WhatsApp Channel Join Now
बंदी सिखों की रिहाई के लिए प्रदर्शनकारियों का चंडीगढ़ कूच, पुलिस से झड़प


बंदी सिखों की रिहाई के लिए प्रदर्शनकारियों का चंडीगढ़ कूच, पुलिस से झड़प


बंदी सिखों की रिहाई के लिए प्रदर्शनकारियों का चंडीगढ़ कूच, पुलिस से झड़प


-कौमी इंसाफ मोर्चा ने किया 21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान

चंडीगढ़, 15 अगस्त (हि.स.)। पंजाब की जेलों में सजा पूरी कर चुके सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर शनिवार को कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शनकारियों ने मोहाली से चंडीगढ़ कूच करने का प्रयास किया। चंडीगढ़ सीमा पर कई घंटे तक चले हंगामे के दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मोर्चा ने संघर्ष को तेज करते हुए 21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान किया है।कौमी इंसाफ मोर्चा द्वारा 7 जनवरी 2023 से मोहाली में चंडीगढ़ की सीमा पर बंदी सिखों की रिहाई के लिए धरना दिया जा रहा है। यहां सैकड़ों की संख्या में सिख समुदाय के लोग जेलों में जगतार सिंह हवारा व उसके साथियों, बलवंत सिंह राजोआणा समेत कई कट्टरपंथियों की रिहाई की मांग कर रहे हैं। कौमी इंसाफ मोर्चा पहले भी उग्र प्रदर्शन कर चुका है।

शनिवार के प्रदर्शन से पहले जेल में बंद जगतार सिंह हवारा का एक वीडियो संदेश भी जारी किया गया, जिसे धरना स्थल पर चलाया गया। वीडियो में हवारा ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील की थी। इसके बावजूद मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। पुलिस महानिदेशक सागरप्रीत हुड्डा भी घटनास्थल पर पहुंचे।कौमी इंसाफ मोर्चा की अगुवाई में मोहाली से चंडीगढ़ में गवर्नर हाउस जा रहे प्रदर्शनकारी वाईपीएस चौक के पास इकट्ठा हुए। उन्हें रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुबह से ही बॉर्डर सील कर दिया। उग्र भीड़ ने ट्रैक्टर की मदद से बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने वाटर कैनन चला था। इसके पर भी प्रदर्शनकारी नहीं माने तो उन्हें खदेड़ने के लिए उन पर गन और ड्रोन की मदद से आंसू गैस के गोले दागे गए।चंडीगढ़ में गवर्नर हाउस के करीब पहुंचे शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान को हिरासत में ले लिया गया। इस हंगामे के दौरान दर्जनों की संख्या में प्रदर्शनकारी तथा पुलिस के जवान चोटिल भी हुए। स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव, डीजीपी सारगप्रीत हुड्डा और एसएसपी कंवरदीप कौर मौके पर पहुंचे। कई घंटे तक हंगामे के बाद कौमी इंसाफ मोर्चा के नेताओं ने ऐलान किया कि आज का कार्यक्रम सफल रहा। अब हम आगे नहीं बढ़ेंगे। 21 अगस्त को पंजाब बंद करेंगे। नेताओं ने कहा कि पुलिस वाले चंडीगढ़ का रास्ता बंद करते हैं। हम किसी तरह का रास्ता बंद नहीं करते हैं। आज भी रास्ता पुलिस ने बंद किया था।

चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरप्रीत कौर ने कहा कि कौमी इंसाफ मोर्चा ने 15 अगस्त को पंजाब लोक भवन जाने का ऐलान किया गया था। उनकी कई मांगे थी। पिछले दो सप्ताह से प्रशासन की मोर्चा के नेताओं के साथ बातचीत चल रही थी। जिसमें उन्हें कहा गया था कि प्रदर्शन शांतिपूर्वक होना चाहिए। आज कुछ लोगों ने बैरीकेड तोडऩे का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें बार-बार चेताया। कुछ लोगों के पास तेजधार हथियार थे। जिन्होंने पुलिस पर हमले का प्रयास किया। जिसके बाद आंसू गैस के गोले तथा वाटर कैनन की मदद से उन्हें पीछे हटाया गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया है। कई पुलिस कर्मी घायल भी हुए हैं। अभी हालात पूरी तरह से काबू में हैं। प्रदर्शनकारी अपनी बैरकों की तरफ चले गए हैं। कुछ लोगों ने चंडीगढ़ में प्रवेश करने का प्रयास किया था जिन्हें हिरासत में लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story