चंडीगढ़ में करीब 45 मिनट रूकेंगे प्रधानमंत्री, पूरा क्षेत्र हाई सिक्योरिटी जोन में बदला

WhatsApp Channel Join Now
चंडीगढ़ में करीब 45 मिनट रूकेंगे प्रधानमंत्री, पूरा क्षेत्र हाई सिक्योरिटी जोन में बदला


चंडीगढ़, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को चंडीगढ़ में करीब 45 मिनट के लिए रूकेंगे। इस दौरान वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर गुरुवार को दिन भर चंडीगढ़ प्रशासन में बैठकों का दौर चलता रहा। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों के साथ बैठक ली और चंडीगढ़ के डीजीपी व आईजी ने अलग-अलग स्थानों का दौरा करके पुलिस कर्मचारियों को रिसर्हल करवाई।

चंडीगढ़ पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के आवास से सटे राजिंद्रा पार्क में प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर उतरेगा। यहां से करीब दो किलोमीटर का फासला सड़क मार्ग से तय किया जाएगा, जिसके चलते इस क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया है। चंडीगढ़ में हवाई अड्डे से लेकर पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज तक पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात रहेंगी। इस दौरान नयागांव से चंडीगढ़ बैरियर की ओर आने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। इसके अलावा सेक्टर-2, 3, 10, 11 चौक पर भी वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया जाएगा।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 3,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के लिए तय रूट पर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को तैनात कर दिया गया है। इसमें बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स समेत अन्य एजेंसियों के जवान शामिल हैं। प्रधानमंत्री का पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे आयोजित होगा। जनसभा में शामिल होने वाले लोगों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू कर दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर किसी भी तरह की सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यहां तक कि पानी की बोतल ले जाने पर भी रोक रहेगी।

इस यूटी चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ग्रीन रूम, हेलीपैड तथा अन्य सभी निर्धारित प्रोटोकॉल स्थलों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी आवश्यक लॉजिस्टिक एवं प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियां समय से पहले पूरी हो सकें।

उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के कार्यक्रम के दौरान सुचारु रूप से संचालित रहने के भी निर्देश दिए। बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन, चंडीगढ़ पुलिस, इंजीनियरिंग विभाग, परिवहन विभाग, नगर निगम चंडीगढ़, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण करने, सतर्कता बनाए रखने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी एवं त्रुटिरहित निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story