छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग भर्ती परीक्षा घोटाला मामले में ईडी का छापा

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग भर्ती परीक्षा घोटाला मामले में ईडी का छापा


रायपुर, 03 जून (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग भर्ती परीक्षा घोटाला मामले में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और राजनांदगांव सहित लगभग एक दर्जन ठिकानों पर बुधवार सुबह से ताबड़तोड़ छापेमारी की है।

इस मामले की जांच पहले से ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो कर रही है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक के रायपुर स्थित घर में कार्रवाई चल रही है। वहीं सेवानिवृत्त आईएएस जेके ध्रुव के भिलाई सेक्टर-10 स्थित घर पर सुबह 6 बजे से जांच जारी है।

जेके ध्रुव सीजी-पीएससी भर्ती घोटाले में आरोपित हैं और जेल में हैं। वहीं राज्यपाल के पूर्व सचिव अमृत खलखो के भिलाई तालपुरी स्थित निवास पर भी जांच चल रही है। उनकी बेटी नेहा का 13वीं रैंक और बेटे निखिल का 17वीं रैंक के साथ डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन हुआ था।

राजनांदगांव में तत्कालीन डिप्टी परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर के घर पर भी छापा मारा गया है। गणवीर इस मामले में पहले से ही जेल में बंद हैं। बताया गया है कि ईडी की करीब आठ अधिकारियों की टीम पहुंची हुई है। घर के अंदर दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

आरोप है कि साल 2020 से 2022 के बीच हुई परीक्षाओं में योग्यता को दरकिनार कर प्रभावशाली व्यक्तियों और अधिकारियों के करीबियों को शीर्ष पदों पर नियुक्तियां दी गईं। ईडी की टीम भर्ती के बदले संदिग्ध लेन-देन, बैंक खातों और विभिन्न फंडों के जरिए हुए वित्तीय हेरफेर के डिजिटल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story