भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ दौरा 25 अक्टूबर से

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ दौरा 25 अक्टूबर से


रायपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री व छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान राजधानी रायपुर में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी योजनाओं की समीक्षा के लिए बैठकें होंगी।

प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। वे 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगी और राजधानी स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दो दिनों तक मैराथन बैठकों का दौर चलेगा। इन दो दिनों में वे कुल 12 अहम बैठकों में शामिल होंगी।भाजपा प्रदेश कार्यालय के अनुसार 25 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, संभाग प्रभारियों और शाम को भाजपा कोर ग्रुप के साथ बैठकें होंगी।

दूसरे दिन 26 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे से विधायकों व सांसदों, दोपहर 12:30 बजे राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों, इसके बाद निगम-मंडल-आयोग के अध्यक्षों/उपाध्यक्षों और पूर्व विधायकों/पूर्व सांसदों के साथ चर्चा होगी। वे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगी।

दोनों नेता पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और आयोग-मंडलों के प्रमुखों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। प्रवास के पहले दिन, 25 अक्टूबर (रविवार) को रायपुर पहुँचने के बाद स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू पूर्वाह्न 11:00 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके तुरंत बाद, 11:30 बजे से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक तैयारियों को लेकर अहम बैठक होगी, जिसमें संगठन की मौजूदा गतिविधियों का जायजा लिया जाएगा।

दोपहर में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जाएगी। इसके बाद संभाग प्रभारियों, सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक होगी। दोपहर 3:30 बजे से पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों के साथ अनुभव साझा करने और रणनीतिक मार्गदर्शन के लिए महत्वपूर्ण चर्चा होगी, जबकि शाम को पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक रखी गई है।

प्रथम दिवस के अंत में, शाम 7:00 बजे से रात 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की सबसे महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू राज्य के शीर्ष नेतृत्व के साथ सरकार और संगठन के समन्वय, चालू योजनाओं की समीक्षा तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श करेंगे।

प्रवास के दूसरे दिन, 26 अक्टूबर (सोमवार) को सुबह 10:00 बजे से विधायकों, सांसदों और दोपहर 12:30 बजे राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ विशेष बैठकें होंगी। इसके बाद निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा होगी। प्रवास का समापन शाम को विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ संवाद बैठक के साथ होगा।

________________

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766257 Articles

Share this story